सिंगरौली में मंगलवार-बुधवार दरमियानी रात एक बड़ी चोरी की वारदात हुई। अज्ञात चोरों ने डायल 112 वाहन चालक के घर में दीवार तोड़ अंदर घुसकर नकदी व जेवरात चुरा लिए। घटना का खुलासा बुधवार सुबह होने पर गांव में हड़कंप मच गया। मामला जिले के देवसर क्षेत्र अंतर्गत जियावन थाना इलाके के ग्राम कोहराखोह का है। जानकारी के अनुसार, फरियादी ओम प्रकाश बैस ग्राम कोहराखोह के निवासी हैं और खदान क्षेत्र में तैनात डायल 112 वाहन चालक हैं। मंगलवार रात लगभग 11 बजे वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ खाने के बाद घर में सो गए थे। इसी दौरान चोर घर के पीछे से आए और दीवार में एक बड़ा छेद करके अंदर घुस गए। अलमारी से नकदी-जेवर लेकर फरार चोरों ने सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़ा और उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषणों के साथ करीब 20 हजार रुपए नकद लेकर फरार हो गए। चोरी गई संपत्ति का कुल मूल्य 90 हजार रुपए से अधिक आंका जा रहा है। बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे ओम प्रकाश बैस के चाचा रूपनारायण बैस ने घर के पीछे दीवार में सेंध लगी देखी। सूचना मिलने पर परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे तो घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी टूटी मिली। घटना की सूचना मिलते ही जियावन पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर संदिग्धों की तलाश में जुटी है। क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
Source link