जायल थानाधिकारी पर सिपाही ने किया जानलेवा हमला
पार्टी में शराब पीने से टोकने पर गुस्साए कॉन्स्टेबल ने अपने ही थानाधिकारी(सीआई) पर जानलेवा हमला कर दिया।
.
पार्टी खत्म होने के बाद रात करीब एक बजे नुकीला हथियार लेकर कॉन्स्टेबल अचानक सीआई के क्वार्टर पहुंचा। उसका दरवाजा तोड़कर भीतर घुस गया। फिर कमरे में मौजूद सीआई पर सुवे से कई वार किए, जिससे सीआई घायल हो गए।
हालांकि मौके पर पहुंचे पुलिस के जवानों ने कॉन्स्टेबल को काबू में किया। थानाधिकारी ने आरोपी कॉन्स्टेबल रणजीत टाडा पर मामला दर्ज करवाया है।
मामले में एसपी मृदुल कच्छावा का कहना है कि मामले की जांच कर रहे हैं। जल्द एक्शन होगा।
जायल थानाधिकारी मुकेश कुमार वर्मा को हमले में मामूली चोटें आई हैं। हमले के वक्त उनकी पत्नी भी कमरे में थी।
रिटायरमेंट पार्टी में शराब को लेकर हुआ था विवाद जानकारी के अनुसार- रोल थानाधिकारी हरजीराम का आज शनिवार को रिटायरमेंट होना है। इसके लिए शुक्रवार की रात को रिटायरमेंट पार्टी रखी गई थी। इसमें कॉन्स्टेबल रणजीत टाडा और जायल थानाधिकारी मुकेश कुमार वर्मा साथ- साथ थे।
पार्टी में रणजीत ने शराब पी तो सीआई मुकेश कुमार ने टोका। इसके बाद दोनों में कहासुनी हो गई। पार्टी खत्म होने के बाद रणजीत धारदार हथियार (नुकीला सुवा) लेकर जायल थाने पहुंचा और पुलिस कर्मियों के पीछे दौड़ने लगा।
सीआई मुकेश कुमार ने बताया- थाने में ही कार्यरत सिपाही शराब के नशे में था और रात को करीब एक बजे वह हाथ में सुवा लेकर मेरे क्वार्टर आया और हमारे क्वार्टर का दरवाजा तोड़ दिया। फिर वह मेरे कमरे तक आ पहुंचा।
दरवाजा टूटने कि आवाज से मेरी नींद खुल गई, लेकिन जैसे ही मैं उठा तो उसने मेरे ऊपर सुवे से हमला कर दिया। घटना के वक्त मेरी पत्नी भी मेरे साथ थी, जो हमले की वजह से बुरी तरह घबरा गई। मौके पर पहुंचे सिपाहियों ने रणजीत को काबू किया।
हमले के बाद रात को ही घायल हालत में थानाधिकारी अस्पताल पहुंचे और प्राथमिक इलाज करवाया।

थानाधिकारी का कहना है कि आरोपी सिपाही रणजीत टाडा हमले के वक्त शराब के नशे में था।
एसपी बोले- मामला दर्ज हो चुका है, जांच शुरू कर दी गई है मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाधिकारी मुकेश कुमार ने आरोपी कॉन्स्टेबल के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। घटना के समय उच्चाधिकारी अजमेर में थे, जिन्हें मामले की सूचना दे दी गई है।
एसपी मृदुल कच्छावा का कहना है कि प्रधानमंत्री की सभा से फ्री हो गए है। नागौर पहुंच कर पूरे मामले की जानकारी लेकर ही बता सकते है। हालांकि थानाधिकारी ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। शुरुआती जांच शुरू कर दी गई है।
……………………..
पुलिस से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए…
हेड कॉन्स्टेबल को 13 लाख रुपए रिश्वत लेते पकड़ा:2 लाख पहले ले चुका, जयपुर ACB टीम ने सीकर में होटल से गिरफ्तार किया

एंटी करप्शन ब्यूरो जयपुर की टीम ने शनिवार को सीकर में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम ने कल्याण सर्किल पर अशोका होटल में ED के हेड कॉन्स्टेबल उत्तम पांडे को 13 लाख की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। पूरी खबर पढ़िए
झगड़ा सुलझाने गई पुलिस पर हमला, एएसआई का सिर फोड़ा:हाथोज में पड़ोसी के पथराव और लड़ाई की सूचना पर पहुंची थी पुलिस; तीन आरोपी हिरासत में

जयपुर में झगड़े की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर लोगों ने हमला बोल दिया। पथराव में एएसआई का सिर फूट गया। वे गंभीर घायल हैं। पूरी खबर पढ़िए



