झज्जर शहर के पुराने बस स्टैंड के सामने स्थित लालचंद कॉलोनी में केमिस्ट शॉप के बाहर हुई फायरिंग मामले में पुलिस ने नाबालिग सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। हालांकि वारदात का मुख्य आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है, जिसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। मामले को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में झज्जर के डीसीपी क्राइम शुभम ने गिरफ्तारी की जानकारी देते हुए बताया कि घटना में शामिल एक नाबालिग और उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया। डीसीपी क्राइम ने बताया कि पुलिस ने मुख्य आरोपी की पहचान कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि एक-दो दिनों के भीतर मुख्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार पूरे मामले का खुलासा मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही संभव हो पाएगा। गौरतलब है कि 5 मई को एक केमिस्ट शॉप के बाहर बाइक सवार नकाबपोश युवकों ने फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी थी। घटना के बाद पुलिस ने विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू की थी। प्रारंभिक जांच में पुलिस इस मामले को लेनदेन विवाद से जोड़कर देख रही है। पुलिस जांच में सामने आया है कि वारदात के दौरान बाइक गिरफ्तार किए गए नाबालिग द्वारा चलाई जा रही थी, जबकि दूसरे आरोपी ने घटना को अंजाम देने में सहयोग किया। फिलहाल पुलिस मुख्य आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
Source link