भिंड में भाजपा किसान मोर्चा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष सज्जन सिंह यादव द्वारा 100 से अधिक लग्जरी वाहनों का काफिला निकालने पर विवाद खड़ा हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पेट्रोल-डीजल बचाने की अपील के बीच किए गए इस शक्ति प्रदर्शन पर सवाल उठ रहे हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए भाजपा संगठन ने सज्जन सिंह यादव से जवाब तलब किया है। बीती शाम सज्जन सिंह यादव अपने समर्थकों के साथ एक लंबे काफिले के रूप में भिंड शहर में पहुंचे। इस काफिले में 100 से अधिक चारपहिया और अन्य वाहन शामिल थे। समर्थक हॉर्न बजाते और नारेबाजी करते हुए शहर के मुख्य मार्गों से गुजरे। इस दौरान नेशनल हाईवे-719 सहित कई जगहों पर यातायात बाधित हुआ और लोगों को जाम का सामना करना पड़ा। कांग्रेस ने साधा निशाना, वीडियो हो रहे वायरल
इस लंबे काफिले की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। लोग सवाल उठा रहे हैं कि एक तरफ प्रधानमंत्री पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत का संदेश दे रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ भाजपा पदाधिकारी शक्ति प्रदर्शन कर रहे हैं। इस मुद्दे को लेकर विपक्षी दल कांग्रेस ने भी भाजपा पर निशाना साधा है। संगठन के हस्तक्षेप पर बोले नेता- लोग स्वेच्छा से आए
मामले की जानकारी सामने आने के बाद भाजपा संगठन ने हस्तक्षेप किया और सज्जन सिंह यादव से चर्चा कर जवाब मांगा। सूत्रों के अनुसार, उन्होंने पार्टी नेतृत्व को सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने किसी भी कार्यकर्ता या समर्थक को वाहन लेकर नहीं बुलाया था। लोग अपने उत्साह और प्रेम के कारण स्वेच्छा से काफिले में शामिल हुए थे। दैनिक भास्कर ने जब इस संबंध में सज्जन सिंह यादव से संपर्क करने का प्रयास किया, तो उनका फोन रिसीव नहीं हुआ। पीएम की अपील मान रहे कार्यकर्ता- जिलाध्यक्ष
मामले पर भाजपा के जिलाध्यक्ष देवेंद्र नरवरिया ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता मान रहा है और सीमित संसाधनों के उपयोग पर जोर दिया जा रहा है।” उन्होंने आगे बताया कि सज्जन सिंह यादव ने भी चर्चा में यही स्पष्टीकरण दिया है कि उन्होंने किसी को आमंत्रित नहीं किया था और लोग अपने आप इस काफिले में शामिल हो गए थे।
Source link