धनबाद के एलसी रोड पर बाइक रेस बनी आफत:  आपस में टकराईं तीन बाइक, आठ यंगस्टर्स घायल, चार की हालत हुई गंभीर – Dhanbad News

धनबाद के एलसी रोड पर बाइक रेस बनी आफत: आपस में टकराईं तीन बाइक, आठ यंगस्टर्स घायल, चार की हालत हुई गंभीर – Dhanbad News




धनबाद के लुबी सर्कुलर रोड (एलसी रोड) पर देर रात बाइक रेस के दौरान बड़ा हादसा हो गया। तेज रफ्तार में रेस लगा रहे तीन युवकों की बाइकें आपस में टकरा गईं। हादसा इतना जबरदस्त था कि कुल आठ युवक घायल हो गए। टक्कर की तेज आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर दौड़ पड़े। सड़क पर गिरे युवक दर्द से कराहते नजर आए। कुछ देर के लिए एलसी रोड पर अफरातफरी का माहौल बन गया और यातायात भी प्रभावित हुआ। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को संभाला और एंबुलेंस व पुलिस को सूचना दी। एसएनएमएमसीएच में मचा हड़कंप, 4 गंभीर हादसे में घायल युवकों की पहचान हीरापुर झरनापाड़ा निवासी छोटू यादव (18), पप्पू यादव (22), सोनू यादव (20), पुलिस लाइन निवासी लव कुमार रवानी (33), राजा तिवारी (16), सौरव यादव (19), धैया निवासी शिव शंकर साव (26) और बेकारबांध रामनगर निवासी नीरज कुमार (29) के रूप में हुई है। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) पहुंचाया गया। एक साथ आठ घायलों के इमरजेंसी वार्ड पहुंचने से अस्पताल में हड़कंप मच गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद सोनू यादव, पप्पू यादव, छोटू यादव और सौरव यादव की हालत गंभीर बताते हुए उन्हें रिम्स, रांची रेफर कर दिया। हालांकि परिजन उन्हें निजी अस्पताल लेकर चले गए। रेस के दौरान हुआ हादसा, दो बाइक जब्त जानकारी के अनुसार सभी युवक आपस में दोस्त हैं। शुक्रवार रात वे सिटी सेंटर चौपाटी से नाश्ता कर रणधीर वर्मा चौक की ओर लौट रहे थे। इस दौरान चार से पांच अलग-अलग बाइकों पर सवार होकर एलसी रोड पर रेस लगाने लगे। बीएसएस कॉलेज के पास दो बाइकें बेकाबू होकर आपस में टकरा गईं। पीछे से आ रही तीसरी बाइक भी उनकी चपेट में आ गई और वह भी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। घटना की सूचना पर धनबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से दो बुरी तरह क्षतिग्रस्त बाइकें जब्त की हैं, जिनमें एक रेसर बाइक और जेएच-10 डीबी 8173 नंबर की बाइक शामिल है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।



Source link

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)

Related Post

आज का मौषम
Live Cricket
आज का राशिफल
लाइव शेयर मार्केट