शिवगंज कस्बे में बाइक सवार दो बदमाशों ने शनिवार सुबह करीब 11 बजे एक ज्वैलर से सोने, चांदी और नकदी से भरा बैग लूट लिया गया। इसके बाद बदमाश फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जानकारी के अनुसार शिवगंज निवासी हिम्मतमल सोनी (80) अपनी दुकान खोलने के लिए बैग लेकर पहुंचे थे। बैग में लगभग 4 किलो चांदी, सोने के जेवर, 15,000 रुपए नकद और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज थे। जैसे ही हिम्मतमल सोनी दुकान पर पहुंचे, एक बाइक पर सवार दो युवक उनके पास आए और बैग छीनकर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही शिवगंज थानाधिकारी दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मौका मुआयना किया। डीएसपी पुष्पेंद्र वर्मा भी मौके पर पहुंचे, उन्होंने पीड़ित और आसपास के लोगों से जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास की दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि लुटेरे जवाई नदी की कच्ची रपट होते हुए सुमेरपुर की ओर फरार हुए हैं। लूट की इस वारदात से सोनी समाज सहित अन्य व्यापारियों में भी आक्रोश है। थानाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश में अलग-अलग स्थानों पर रवाना किया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों को पकड़ने का प्रयास कर रही है।
Source link