गुरुग्राम पुलिस ने कोर्ट को गुमराह कर फर्जी जमानती दस्तावेज पेश करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई माननीय अदालत के आदेश पर दर्ज शिकायत के बाद की गई। शिकायत में बताया गया था कि एक विदेशी आरोपी को जमानत दिलाने के लिए दो व्यक्तियों के नाम से जाली जमानती बॉन्ड अदालत में प्रस्तुत किए गए थे। जब संबंधित व्यक्ति अदालत में उपस्थित हुए, तो उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने कभी भी उक्त विदेशी आरोपी की जमानत नहीं दी और न ही किसी जमानती बॉन्ड पर हस्ताक्षर किए। जांच में सामने आया कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उनके दस्तावेजों का दुरुपयोग कर फर्जी जमानती कागजात तैयार किए गए और अदालत में पेश किए गए थे। शिवाजी नगर थाने में दर्ज हुआ मामला मामले की गंभीरता को देखते हुए, पुलिस थाना शिवाजी नगर, गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। क्राइम ब्रांच सिकंदरपुर ने जांच शुरू की और 28 फरवरी को गुरुग्राम से आरोपी अनिल को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान फरीदाबाद के एसी नगर निवासी अनिल के रूप में हुई है। आरोपी ने किया फर्जीवाड़े का खुलासा पुलिस पूछताछ में आरोपी अनिल ने खुलासा किया कि उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर पुलिस थाना डीएलएफ फेज-1, गुरुग्राम में दर्ज एक अन्य मामले में एक नाइजीरियाई आरोपी को फर्जी तरीके से जमानत दिलवाई थी। उसने किसी अन्य व्यक्ति के आधार कार्ड पर अपनी फोटो लगाकर जमानती दस्तावेज तैयार किए और उन्हें अदालत में पेश किया था। पहले से दर्ज है धोखाधड़ी का मामला पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अनिल के खिलाफ धोखाधड़ी से संबंधित एक अन्य मामला पहले से ही गुरुग्राम में दर्ज है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि आरोपी को आज माननीय अदालत में पेश किया जाएगा और मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
Source link
गुरुग्राम में फर्जी जमानती बॉन्ड मामले में एक गिरफ्तार: विदेशी नागरिक को जमानत दिलाने का प्रयास; कोर्ट में दिए जाली दस्तावेज – gurugram News
- Share



