पलवल में घर में घुसकर परिवार पर हमला: दो भाई सहित चार घायल, सड़क पर पानी फैलने को लेकर विवाद, नकदी छीनने का आरोप – Palwal News



थाना उटावड़ पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पलवल के उटावड़ गांव में रास्ते में पानी फैलने को लेकर हुए विवाद में एक परिवार पर हमला कर लूटपाट की गई। इस हमले में दो भाइयों सहित चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने सात नामजद आरोपियों सहित अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

.

उटावड़ थाना प्रभारी रेणू शेखावत ने बताया कि गांव निवासी जुबैर ने पुलिस को शिकायत दी है। जुबैर के अनुसार, वह अपने घर पर पानी की नली से पानी भर रहा था। नली पुरानी होने के कारण कुछ पानी रास्ते में फैल रहा था।

इसी बात को लेकर गांव के सहाबुद्दीन, मुनफेद, साकिर, जमशेद, उमर, मकसूद और वारिश ने उनके घर में घुसकर हमला कर दिया। हमलावरों के हाथों में देसी कट्टा, लाठी, फरसा और कुल्हाड़ी जैसे हथियार थे।

नकदी छीन कर ले गए आरोपी

हमले में जुबैर और उनके भाई सहिद को चोटें आईं। परिवार के अन्य सदस्य भी घायल हुए। हमले के दौरान आरोपी मुनफेद ने जुबैर की जेब से 20 हजार 700 रुपए भी जबरन छीन लिए।

झगड़े का शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। हमलावर ग्रामीणों को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। उटावड़ पुलिस ने जुबैर की शिकायत पर सभी सात नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है, लेकिन अभी तक सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।



Source link