छत्तीसगढ़ में राज्यसभा चुनाव की सरगर्मी के बीच पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने इशारों-इशारों में बड़ा राजनीतिक संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि सरगुजा जिसे सपोर्ट करता है, उसकी सरकार बनती है। बस्तर और सरगुजा दोनों ही क्षेत्र प्रदेश की राजनीति में निर्णायक भूमिका निभाते रहे हैं। इसलिए सरकार को संतुलन साधते हुए सोच-समझकर फैसला लेना चाहिए। राज्यसभा सीट को लेकर पूछे गए सवाल पर भगत ने सीधे तौर पर दावेदारी तो नहीं जताई, लेकिन संकेत जरूर दिए। उन्होंने कहा कि बस्तर और सरगुजा के बीच हमेशा राजनीतिक संतुलन रहा है और आगे भी रहना चाहिए। जिस पार्टी को इन दोनों क्षेत्रों का समर्थन मिलता है, सत्ता उसी के हाथ में आती है। सरगुजा में अभी कमजोर है कांग्रेस- अमरजीत भगत आदिवासी चेहरे को राज्यसभा भेजने की चर्चा पर भगत ने कहा कि, यह फैसला पार्टी हाईकमान का होगा। जो भी निर्णय होगा, उस पर भरोसा जताया जाएगा और उसे स्वीकार किया जाएगा। पार्टी की रणनीति निश्चित रूप से इस बात पर केंद्रित होगी कि क्षेत्र में संगठन को कैसे मजबूत किया जाए। राजनीतिक रूप से कैसे मजबूती के साथ टिके रहा जाए। जिसकी पकड़ मजबूत होगी, सरकार भी उसी की बनेगी। भगत ने माना कि इस समय भाजपा बढ़त में नजर आ रही है, जबकि कांग्रेस की स्थिति कुछ इलाकों में कमजोर दिख रही है। ऐसे में ज्यादा ध्यान देने और जमीनी पकड़ मजबूत करने की जरूरत है। 16 मार्च को होगा मतदान छत्तीसगढ़ की दो राज्यसभा सीटों पर 16 मार्च को चुनाव होगा। राज्य से राज्यसभा सांसद केटीएस तुलसी और फूलो देवी नेताम का कार्यकाल 2 अप्रैल 2026 को समाप्त हो रहा है। इसके बाद दोनों सीटें रिक्त हो जाएंगी। चुनाव आयोग ने चुनाव कार्यक्रम जारी कर दिया है। 37 सीटों पर देशभर में चुनाव देशभर में राज्यसभा की 37 सीटों पर चुनाव होंगे, जिनमें छत्तीसगढ़ की दो सीटें भी शामिल हैं। आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक 20 मार्च तक पूरी चुनाव प्रक्रिया संपन्न कर ली जाएगी। गौरतलब है कि केटीएस तुलसी सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता हैं। 2020 में छत्तीसगढ़ से राज्यसभा सांसद चुने गए थे। संसद में संवैधानिक और कानूनी मुद्दों पर उनकी सक्रिय भूमिका रही है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि कांग्रेस किस चेहरे पर दांव लगाती है और क्षेत्रीय संतुलन को कैसे साधती है।
Source link
राज्यसभा जाने के लिए अमरजीत भगत ने किया इशारा: कहा- सरगुजा जिसे सपोर्ट करता है, सरकार उसकी ही बनती है, बस्तर-सरगुजा के बीच राजनीतिक संतुलन – Raipur News
- Share



