अहमदाबाद प्लेन क्रैश, कैप्टन सभरवाल के पिता का आरोप: AAIB ने सिर्फ पायलट की गलतियां बताईं, चुनिंदा जानकारी लीक करके बेटे की छवि खराब की


  • Hindi News
  • National
  • The Pilot’s Father Raised Questions About The Investigation, Saying His Son’s Reputation Was Being Tarnished.

नई दिल्ली29 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

17 जून को कैप्टन सुमीत सभरवाल के पिता पुष्करराज सभरवाल मुंबई के पवई स्थित आवास पर बेटे को श्रद्धांजलि देते हुए रोने लगे थे।

अहमदाबाद प्लेन क्रैश में मारे गए कैप्टन सुमीत सभरवाल के 91 साल के पिता पुष्करराज सभरवाल ने केंद्र सरकार से हादसे की नए सिरे से जांच की मांग की है। उन्होंने एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) की प्राइमरी जांच रिपोर्ट पर भी सवाल उठाए।

पुष्करराज ने नागरिक उड्डयन मंत्रालय को लेटर लिखकर कहा- मीडिया में कुछ चुनिंदा बातें लीक करके यह अटकलें लगाई जा रही हैं कि कैप्टन सभरवाल बहुत ज्यादा डिप्रेशन में थे और आत्महत्या करना चाहते थे। इन बातों से कैप्टन सभरवाल की प्रतिष्ठा धूमिल हुई है। मेरे स्वास्थ्य और मानसिक स्थिति पर भी बहुत गहरा असर पड़ा है।

दरअसल, AAIB ने अहमदाबाद प्लेन क्रैश पर अपनी प्राइमरी रिपोर्ट​​​​​​ ​12 जुलाई को जारी की थी। इसमें बताया था कि फ्लाइट के दोनों इंजनों में फ्यूल सप्लाई स्विच बंद हो गए थे। अमेरिकी अखबार वॉल स्ट्रीट जर्नल की एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि पायलट ने स्विच बंद किया था।

अहमदाबाद से लंदन जा रहा एअर इंडिया का बोइंग 787-8 विमान 12 जून को टेकऑफ के कुछ ही देर बाद एक मेडिकल हॉस्टल की इमारत से टकरा गया था। इसमें 270 लोगों की मौत हो गई थी। सुमीत सभरवाल फ्लाइट के मुख्य पायलट और क्लाइव कुंदर को-पायलट थे।

पिता बोले- बेटे से 25 सालों में एक भी दुर्घटना नहीं हुई सुमीत सभरवाल के पिता ने लेटर में लिखा- सुमीत का 15 साल पहले तलाक हो गया था। उनकी मां को गुजरे तीन साल हो गए हैं। उसके बाद, कैप्टन सभरवाल ने बिना किसी हादसे के 100 से ज्यादा फ्लाइट्स ऑपरेट कीं। 25 सालों के करियर में, उनके साथ एक भी दुर्घटना नहीं हुई।

उनके पिता ने कहा- सुमीत को 15,638 घंटों का उड़ान अनुभव था। वे एक पायलट प्रशिक्षक भी थे। मेरे बेटे के निजी जीवन की घटनाओं को तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है। मेरे बेटे पर शक पैदा करने वाली ऐसी कोई भी जानकारी मीडिया के साथ साझा नहीं किया जाना चाहिए।

पिता बोले- बोइंग ने सॉफ्टवेयर बदलाव छुपाए थे पुष्कराज सभरवाल ने विमान बनाने वाली कंपनी बोइंग पर भी सवाल उठाए और कहा कि हाल ही में बोइंग के दो विमान हादसे का शिकार हुए हैं। इनमें एक इथियोपियन एयरलाइंस का विमान था। इस हादसे के बाद अमेरिकी जांच में पाया गया था कि बोइंग ने फ्लाइट ऑपरेशन सॉफ्टवेयर में कुछ बदलाव किए थे और पायलटों से यह बात छिपाई थी।

पायलट संगठन ने कहा था- पायलटों की छवि खराब करने की कोशिश एअर इंडिया के विमान हादसे की शुरुआती जांच रिपोर्ट को लेकर पायलटों के संगठन फेडरेशन ऑफ इंडियन पायलट्स (FIP) ने आपत्ति जताई थी। संगठन ने कहा था कि बिना पूरी और पारदर्शी जांच के पायलटों पर दोष डालना जल्दबाजी और गैर-जिम्मेदाराना है।

FIP अध्यक्ष सीएस रंधावा ने कहा था कि पायलट संगठनों को जांच में शामिल नहीं किया गया और रिपोर्ट को जिस तरह से पेश किया गया है, वह एकतरफा और अधूरी है। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट में सिर्फ कॉकपिट की बातचीत के कुछ हिस्सों को चुनकर पेश किया गया है और पायलटों की छवि खराब करने की कोशिश हो रही है।

प्लेन क्रैश में पूर्व CM विजय रूपाणी का भी निधन हुआ था एअर इंडिया की उड़ान संख्या AI 171 अहमदाबाद से लंदन जा रही थी। इसमें 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और एक कनाडाई नागरिक समेत कुल 230 यात्री सवार थे। इनमें 103 पुरुष, 114 महिलाएं, 11 बच्चे और 2 नवजात शामिल हैं। बाकी 12 क्रू मेंबर्स थे। हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी का भी निधन हो गया था।

……………………….

अहमदाबाद प्लेन क्रैश से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें…

एक्सपर्ट बोले-पायलटों को जल्दबाजी में दोषी बताया, रिपोर्ट में जरूरी हस्ताक्षर नहीं; जांच समिति में अनुभवी पायलट हों

एविएशन एक्सपर्ट सनत कौल ने एअर इंडिया फ्लाइट AI171 की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि यह रिपोर्ट ठीक नहीं लग रही है। इसमें जरूरी हस्ताक्षर भी नहीं हैं, जबकि यह जरूरी होता है। कौल का कहना है कि इस जांच टीम में ऐसे पायलट को शामिल किया जाना चाहिए, जिसे बोइंग 787 या कम से कम 737 विमान की पूरी समझ हो। पूरी खबर पढ़ें…

चेतावनी के बावजूद उड़ा ड्रीमलाइनर, विमान का संतुलन बताने वाला सेंसर फेल होने का अलर्ट था

एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि AI-171 कोड के साथ लंदन जाने वाले एअर इंडिया ड्रीमलाइनर ने पिछली उड़ान दिल्ली से अहमदाबाद के बीच भरी थी। उड़ान के ठीक बाद पायलट ने ‘STAB POS XDCR’ नाम का तकनीकी अलर्ट दर्ज कराया था। इस अलर्ट का मतलब है कि विमान का संतुलन बताने वाला सेंसर फेल हो सकता है। पूरी खबर पढ़ें…

खबरें और भी हैं…



Source link