खैरथल में स्टेट मेगा हाईवे संख्या-14 पर स्थित जिंदोली सुरंग के बाहर रविवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। सुबह करीब 8 बजे एक पिकअप वाहन का टायर सड़क पर बने गहरे गड्ढे में फंस गया, जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया और पलटने से बाल-बाल बचा।
.
चालक की सूझबूझ से वाहन रुक गया, लेकिन घटना के बाद सुरंग के दोनों ओर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर यातायात को धीरे-धीरे सुचारू कराया।
गड्ढे में फंसने के बाद सुरंग के अंदर और बाहर दोनों तरफ लंबा जाम लग गया।
सड़क पर गहरे गड्ढों से हो रहे हादसे
स्थानीय लोगों ने बताया कि सुरंग के बाहर सड़क की हालत बेहद खराब है। यहां दो से तीन फीट गहरे गड्ढे बन गए हैं, जिनमें पानी भरा रहने से उन्हें पहचानना मुश्किल हो जाता है। इसी कारण पिछले दिनों कई बाइक और छोटे वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं। वाहन चालकों का कहना है कि सुरंग सुरक्षित आवाजाही के लिए बनाई जाती है, लेकिन इसके बाहर की टूटी सड़क खुद एक बड़ा खतरा बन गई है।
शिकायत करने के बावजूद नहीं हुआ समाधान
वाहन चालकों और ग्रामीणों ने संबंधित विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि खराब सड़क की शिकायतें कई बार की गईं, लेकिन न तो कोई निरीक्षण किया गया और न ही मरम्मत कार्य शुरू हुआ। इससे सड़क पर चलने वाले हर वाहन की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है।

ऑफिस या जरूरी काम से जा रहे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
टोल वसूली को लेकर लोगों में गुस्सा
इस बीच, हाईवे पर टोल वसूली को लेकर भी लोगों में आक्रोश है। वाहन मालिकों ने सवाल उठाया है कि जब टोल प्लाजा मौजूद है और नियमित शुल्क लिया जा रहा है, तो फिर सड़क पर इतने बड़े-बड़े गड्ढे क्यों हैं? टोल कंपनी की ओर से अब तक किसी भी प्रकार का मरम्मत कार्य नहीं किया गया है, जिससे लोगों की नाराजगी और बढ़ गई है।

पिकअप वाहन पलटने से बच गया नहीं तो किसी को गंभीर चोट या उसकी जान भी जा सकती थी।
ड्राइविंग एक्सपर्ट्स का कहना है कि सुरंग के बाहर बढ़ते गड्ढे अचानक ब्रेक लगाने, वाहन फिसलने और नियंत्रण बिगड़ने जैसी गंभीर स्थितियां पैदा कर सकते हैं। इससे सुरंग के अंदर भी दुर्घटना का जोखिम बढ़ जाता है। स्थानीय व्यापारी और दुपहिया वाहन चालक सड़क को तुरंत दुरुस्त करने और जल निकासी व्यवस्था सुधारने की मांग कर रहे हैं।



