सुपौल जिले के लौकहा थाना परिसर में सोमवार देर शाम पुलिस अधीक्षक शरथ आर.एस अचानक पहुंचे और आम लोगों से सीधे संवाद कर पुलिस-पब्लिक फ्रेंडली व्यवस्था को और मजबूत करने का संदेश दिया। इस जनसंवाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और थाना क्षेत्र के लोग शामिल हुए। जनसंवाद के दौरान एसपी शरथ आर.एस ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल से ही अपराध पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि, अवैध कारोबार या संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी हो तो बेझिझक पुलिस को सूचित करें। उन्होंने आश्वासन दिया कि सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और सूचना मिलते ही त्वरित व ठोस कार्रवाई की जाएगी।
पदाधिकारियों को कार्रवाई के दिए निर्देश कार्यक्रम के दौरान भूमि विवाद, पारिवारिक झगड़े, मारपीट, रास्ता अवरोध, शराब तस्करी और असामाजिक तत्वों से जुड़ी कई शिकायतें सामने आईं। पुलिस अधीक्षक ने कई मामलों में ऑन द स्पॉट समाधान करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। कुछ मामलों में थाना स्तर पर त्वरित निष्पादन कर फरियादियों को राहत दी गई, जिससे लोगों में पुलिस के प्रति भरोसा बढ़ा। नियमित रूप से कार्यक्रम होते रहने का दिया आश्र्वासन एसपी ने कहा कि थाना जनता की सेवा के लिए है, न कि डर का केंद्र। उन्होंने थानाध्यक्ष और उपस्थित पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि फरियादियों के साथ संवेदनशील व्यवहार करें और छोटी-छोटी समस्याओं को भी गंभीरता से लें। साथ ही अपराधियों और कानून तोड़ने वालों के प्रति सख्त रुख अपनाने के निर्देश दिए गए। जनसंवाद के अंत में लोगों ने पुलिस अधीक्षक की इस पहल की सराहना की और उम्मीद जताई कि इस तरह के कार्यक्रम नियमित रूप से होते रहेंगे। कार्यक्रम से यह संदेश साफ गया कि सुपौल पुलिस अपराधियों पर नकेल कसने के साथ-साथ आम जनता के साथ मैत्रीपूर्ण संबंध बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
Source link
सुपौल के लौकहा थाना में SP शरथ आर.एस का जनसंवाद: पुलिस-जनता के बीच समन्वय से अपराध नियंत्रण पर बल, आमलोगों की समस्या का ऑन द स्पॉट समाधान – Supaul News
- Share



