राजधानी रांची के बरियातू हाउसिंग कॉलोनी चौक पर भरी दोपहरी हुई चेन स्नैचिंग की घटना का CCTV अब सामने आया है। दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग की कोशिश उस वक्त नाकाम हो गई, जब गिरिडीह निवासी महिला जस्सी सलूजा (33) ने दो बाइक सवार अपराधियों का डटकर मुकाबला किया।
.
मॉल से खरीदारी कर लौट रही जस्सी के गले से अपराधियों ने अचानक चेन झपट ली और बाइक से भागने लगे। लेकिन महिला ने पीछे बैठे अपराधी को पकड़ लिया। संतुलन बिगड़ने से बाइक सड़क पर गिर गई और दोनों अपराधी भी नीचे गिर पड़े। इस दौरान महिला भी गिर गई, लेकिन चेन बचाने में सफल रही।
बाइक में बैठे हुए चेन स्नैचर्स और पति के साथ आती महिला
अपराधियों ने की फायरिंग, फिर भी नहीं डरी पीड़िता
CCTV में साफ देखा जा सकता है कि घटना के बाद एक अपराधी उठकर पैदल भागने लगा। चेन बचने के बावजूद जस्सी ने उसे पकड़ने के लिए दौड़ लगा दी। खुद को घिरता देख अपराधी ने पिस्टल निकालकर फायरिंग कर दी।
पीड़िता का कहना है कि उसे डराने के लिए दो गोलियां चलाई गईं। इसी बीच दूसरा अपराधी बाइक उठाकर अपने साथी के पास पहुंचा और दोनों मौके से फरार हो गए। फायरिंग से चौक पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन अपराधियों के हौसले इतने बुलंद थे कि वे भीड़ के बीच से आराम से निकल गए।

चेन खींच कर भागने के दौरान महिला गिर पड़ी
खरीदारी से लौटते वक्त हुई वारदात
जस्सी सलूजा ने बताया कि वह गिरिडीह से ओरमांझी के एक रिसॉर्ट में पारिवारिक शादी समारोह में शामिल होकर आई थीं। दोपहर करीब एक बजे वह बरियातू स्थित अपनी ननद के घर पहुंचीं।
इसके बाद पति के साथ पैदल ही बरियातू रोड स्थित मॉल में खरीदारी करने गईं। लौटते समय चौक पर पहले से मौजूद बाइक सवार अपराधियों ने मौका देखकर वारदात को अंजाम दिया। छीना-झपटी में जस्सी के हाथ और दोनों घुटनों में चोट आई है, कपड़े भी फट गए हैं।

महिला अपराधियों से भिड़ती भी नजर आ रही है।
तमाशबीन बने रहे लोग, पुलिस के बयान पर सवाल
पीड़िता का आरोप है कि घटना के वक्त कई लोग मौजूद थे, लेकिन किसी ने भी मदद नहीं की। अगर लोग आगे आते, तो अपराधियों को पकड़ा जा सकता था। इधर, बरियातू थाना प्रभारी मनोज कुमार ने कहा कि अपराधियों के पास डमी पिस्टल थी, जिसमें रबर की गोली थी।
वहीं उन्होंने यह भी दावा किया कि पीड़िता ने अब तक औपचारिक शिकायत नहीं दी है और उनके बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात और पुलिस के बयान ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



