चतरा जिले के गिद्धौर थाना क्षेत्र अंतर्गत ब्रह्मपुर मोड़ के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां यात्री बस और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान गिद्धौर थाना क्षेत्र के बंदिया गांव निवासी 34 वर्षीय अजय साव (पिता- धालो साव) के रूप में हुई है। वहीं, बाइक पर सवार उसका साथी छतरु भुइयां (पिता- नरेश भुइयां) गंभीर रूप से जख्मी हो गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा। टक्कर इतनी जबरदस्त कि बाइक के उड़े परखच्चे प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अजय साव अपने साथी छतरु भुइयां के साथ बाइक से चतरा से अपने गांव बंदिया लौट रहे थे। जैसे ही वे ब्रह्मपुर मोड़ के पास पहुंचे, सामने से आ रही बुंदेला यात्री बस ने तेज रफ्तार में उनकी बाइक को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक सड़क पर काफी दूर तक घिसटते चले गए। हादसे में अजय साव ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि छतरु भुइयां गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर तड़पता रहा। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घायल सदर अस्पताल में भर्ती, बस चालक फरार स्थानीय लोगों की मदद से घायल छतरु भुइयां को तत्काल चतरा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। उधर, घटना की सूचना मिलते ही गिद्धौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक अजय साव के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटनाग्रस्त बस और बाइक को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। वहीं, युवक की मौत से बंदिया गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Source link
चतरा में यात्री बस ने बाइक सवारों को रौंदा: युवक की मौके पर मौत, साथी गंभीर, घर लौटते समय हुआ हादसा – koderma News
- Share



