चौड़ीकरण: लीकेज व नाली के पानी से सड़कों पर कीचड़, पैदल चलना भी संभव नहीं – Ujjain News




शहर में चल रहा सड़क चौड़ीकरण कार्य जनता के लिए राहत बनने के बजाय परेशानी का सबब बनता जा रहा है। धीमी रफ्तार से हो रहे काम के चलते सबसे गंभीर समस्या पाइपलाइन लीकेज और नाली के गंदे पानी की है, जो सड़कों पर फैलकर लोगों की आवाजाही को मुश्किल बना रही है। बियाबानी से तेलीवाड़ा तक की सड़क पर हालात इतने खराब है कि वाहन निकालना जोखिम भरा है ही, पैदल चलना भी संभव नहीं हो पा रहा है। रोजाना चौड़ीकरण के दौरान कई जगहों पर पाइपलाइन फूट रही है। पीएचई विभाग द्वारा लीकेज सुधार के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन सुधार कार्य ज्यादा ठीक से नहीं हो पा रहा। लीकेज ठीक होते ही उसी स्थान से जेसीबी मशीन गुजरने पर पाइप दोबारा क्षतिग्रस्त हो रहे हैं। इससे न केवल पानी बर्बाद हो रहा है, बल्कि सड़क पर कीचड़-फिसलन भी बढ़ती जा रहा है। अब स्थिति यह है कि पहले जहां केवल पाइपलाइन का पानी सड़क पर बहता था, वहीं अब नाली का गंदा पानी भी उसमें मिल रहा है। नाली निर्माण कार्य की रफ्तार बेहद धीमी है। कई जगह पर नालियां अधूरी पड़ी हैं, तो कहीं मलबा समय पर नहीं हटने के कारण पानी का बहाव रुक गया है। इससे नालियों का पानी सड़क पर फैल रहा है। मुख्य शहर में कोतवाली थाना क्षेत्र सहित कुछ हिस्सों में अभी तक चौड़ीकरण साइट पूरी तरह क्लियर नहीं हो पाई है, जिससे समस्या और बढ़ सकती है। निगम अपर आयुक्त पवनकुमार सिंह ने बताया कि पीएचई की टीम मौके पर पहुंच लीकेज सही कर रही है। निर्माण कार्य चल रहे हैं, वहीं साइट भी क्लियर करते हुए तेजी से कार्य आगे बढ़ाया जा रहा है। केडी गेट मार्ग में भी सड़कों पर पानी
खजूर वाली मस्जिद से केडी गेट तक का क्षेत्र भी बीते तीन माह से नाली के पानी से प्रभावित है। यहां करीब 100 मीटर नाली निर्माण हुआ है, जबकि अधिकांश प्रभावित मकानों का हिस्सा हटाया जा चुका है। इसके बावजूद मलबा और अधूरा निर्माण नालियों को जाम कर रहा है। रहवासियों ने जल्द से जल्द लीकेज और नाली निर्माण कार्य को व्यवस्थित तरीके से पूरा करने की मांग की है, ताकि उन्हें इस बदहाल स्थिति से राहत मिल सके। सिंहस्थ तक काम पूरा होगा, इस पर कलेक्टर को संदेह, फटकार लगाई
कलेक्‍टर रौशनकुमार सिंह ने शनिवार को सिंहस्थ मेला कार्यालय के सभागृह में सिंहस्थ 2028 के लिए किए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। कलेक्टर ने निगम अधिकारियों से चौड़ीकरण पर चर्चा की। साथ ही सूत्रों के अनुसार कलेक्टर ने निगम पर संदेह जाहिर किया है कि ऐसी ही गति से काम होता रहा तो सिंहस्थ तक पूरा होना मुश्किल है। अधिकारियों को फटकारा और कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी जाहिर की। कलेक्टर ने नगर निगम को मार्ग चौड़ीकरण के कार्यों में तेजी लाने के सख्त निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक सप्ताह नगर निगम मार्ग चौड़ीकरण के कार्यों की रिपोर्ट बैठक में प्रस्तुत करें और रिपोर्ट में किए कार्यों की फोटो भी संलग्न करें। इस दौरान कलेक्‍टर ने नगर निगम के सहायक यंत्री और उप यंत्री को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए हैं।



Source link