बक्सर जिले में शनिवार सुबह घने कोहरे के कारण एक सड़क हादसा हो गया। बक्सर-चौसा मार्ग पर महादेवा घाट के पास एक तेज रफ्तार डंपर ने टेम्पो को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में एक महिला सहित छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शनिवार सुबह मौसम में बदलाव के कारण सड़क पर घना कोहरा छाया हुआ था, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई थी। चौसा की ओर से आ रहा एक टेम्पो बक्सर की दिशा में जा रहा था। महादेवा घाट के पास पहुंचते ही सामने से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने टेम्पो को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेम्पो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घायलों की पहचान चौसा निवासी संजय चौधरी (गिरिजा चौधरी के पुत्र), उनकी मां जिरिया देवी, पवन चौधरी, सलीम राइन, हलीम राइन और बुटु चौधरी के रूप में हुई है। बताया गया है कि संजय चौधरी अपनी मां और अन्य लोगों के साथ टेम्पो से सब्जी मंडी जा रहे थे। रास्ते में कुछ अन्य यात्री भी टेम्पो में सवार हो गए थे। घायलों को सदर अस्पताल किया रेफर हादसे के बाद स्थानीय राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और सभी घायलों को चौसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बक्सर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। सूचना मिलने पर पूर्व जिला पार्षद डॉ. मनोज सिंह भी मौके पर पहुंचे और घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाने में सहायता की। सदर अस्पताल में इलाज कर रहे डॉक्टरों ने बताया कि सलीम राइन और हलीम राइन के पैर की हड्डी टूट गई है और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। अन्य घायलों का इलाज जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस का कहना है कि घने कोहरे और तेज रफ्तार के कारण यह दुर्घटना हुई है। मामले की जांच की जा रही है।
Source link
बक्सर में घने कोहरे के कारण हादसा: डंपर-ऑटो की टक्कर, महिला सहित 6 लोग घायल – Buxar News
- Share



