शहर के भगत की कोठी पीली टंकी के पास मेन रोड पर स्थित नगर निगम मुख्य सफाई निरीक्षक कार्यालय की छत पर शुक्रवार को अचानक भीषण आग लग गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने के लिए प्रयास शुरू किए। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास दहशत फैल गई। जानकारी के अनुसार, आग कार्यालय की छत पर बनी अवैध झुग्गी झोपड़ियों से शुरू हुई। इन झोपड़ियों में कई परिवार रह रहे थे, जो बिना अनुमति के निगम भवन पर ही कब्जा जमाकर बसे हुए थे। स्थानीय लोगों ने बताया कि शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य कारण से आग भड़क उठी, लेकिन अभी तक सटीक कारण स्पष्ट नहीं हो सका। दमकलकर्मियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। गनीमत रही कि बड़ा हादसा टल गया, लेकिन हादसे में कार्यालय की छत को काफी नुकसान पहुंचा । वहीं नगर निगम की ओर से इस मामले पर अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
Source link
नगर निगम सफाई निरीक्षक कार्यालय के ऊपर लगी आग: छत पर अवैध रूप से बनी झुग्गियों में लगी आग – Jodhpur News
- Share



