महाराष्ट्र निगम चुनाव में अजित-शरद पवार का गठबंधन:  अजित पवार बोले- परिवार फिर एकजुट; ढाई साल पहले NCP तोड़कर NDA सरकार में शामिल हुए थे

महाराष्ट्र निगम चुनाव में अजित-शरद पवार का गठबंधन: अजित पवार बोले- परिवार फिर एकजुट; ढाई साल पहले NCP तोड़कर NDA सरकार में शामिल हुए थे


पुणे3 दिन पहले

  • कॉपी लिंक

जुलाई 2023 में अजित पवार अपने चाचा शरद पवार की NCP से कई विधायकों के साथ अलग हो गए थे।

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने रविवार को पिंपरी-चिंचवाड़ नगर निगम चुनाव के लिए अपनी नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (NCP) और NCP (शरदचंद्र पवार) गुट के बीच गठबंधन की घोषणा की। उन्होंने कहा कि नगर निगम चुनाव के लिए ‘घड़ी’ और ‘तुतारी’ एकसाथ आ गए हैं।

अजित पवार पिंपरी-चिंचवाड़ में एक चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा- नगर निगम चुनाव के लिए उम्मीदवारों की सूची तय करते समय दोनों गुटों ने साथ मिलकर चुनाव लड़ने का फैसला किया है। इससे एक बार फिर परिवार एकजुट हो गया है।

अजित पवार ने कहा- गठबंधन को लेकर लोगों के मन में सवाल हो सकते हैं, लेकिन महाराष्ट्र के विकास के हित के लिए कई बार ऐसे फैसले लेने पड़ते हैं। अजित पवार ने कहा- दोनों पक्षों के बीच सीट बंटवारे पर चर्चा हो चुकी है और इसकी जानकारी बाद में दी जाएगी।

जुलाई 2023 में शरद पवार के भतीजे अजित पवार NCP के कई विधायकों के साथ पार्टी से अलग हो गए थे। इससे NCP दो हिस्सों में बंट गई। शरद पवार से अलग होकर अजित महाराष्ट्र की भाजपा-शिंदे सरकार में शामिल हुए और डिप्टी CM बने थे।

पवार ने कार्यकर्ताओं से बयानबाजी से बचने की अपील की

अजित पवार ने पार्टी कार्यकर्ताओं से प्रचार में पूरी मेहनत करने और रैलियों के दौरान किसी भी तरह के विवादित बयान देने से बचने की अपील की। उन्होंने कहा कि उनकी NCP विकास के लिए काम करती है और पार्टी उन लोगों को बाहर करेगी, जिन्होंने नगर निगम को कर्ज में डालने की कोशिश की।

शरद और अजित के NCP गुट पुणे नगर निगम चुनाव में भी साथ लड़ेंगे। NCP (शरदचंद्र पवार) के प्रवक्ता अंकुश काकड़े ने गठबंधन की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि सीट बंटवारे पर अभी चर्चा नहीं हुई है और कांग्रेस-शिवसेना (उद्धव ठाकरे) के साथ बातचीत के बाद चारों दल मिलकर फैसला करेंगे।

भाजपा 128, शिवसेना 79 सीटों पर चुनाव लड़ेगी

इस बीच, मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम ने बताया कि महायुति में 207 सीटों पर सहमति बन गई है। इनमें भाजपा 128 और शिवसेना 79 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। बाकी 20 सीटों पर फैसला उम्मीदवारों के आधार पर होगा।

महाराष्ट्र राज्य निर्वाचन आयोग ने राज्य की 29 नगर निगमों के चुनाव की घोषणा की है, जिनमें मुंबई, पुणे और पिंपरी-चिंचवाड़ नगर निगम शामिल हैं। यहां मतदान 15 जनवरी को होगा और मतगणना 16 जनवरी को होगी। नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 30 दिसंबर है।

टाइमलाइन- NCP विभाजन और बाद की मुख्य घटनाएं

  • 30 जून 2023 – पार्टी के भीतर असंतोष की स्थिति के बाद अजित पवार और समर्थक विधायकों ने NCP नेतृत्व से अलग होने का फैसला किया।
  • 2 जुलाई 2023 – अजित पवार ने अपने चाचा शरद पवार की NCP छोड़ दी और भाजपा-एकनाथ शिंदे नेतृत्व वाली महाराष्ट्र सरकार में उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। इससे पार्टी दो हिस्सों में बंट गई।
  • 6 फरवरी 2024 – चुनाव आयोग ने आधिकारिक रूप से अजित पवार के नेतृत्व वाले गुट को ‘NCP’ (नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी) नाम और ‘घड़ी’ चुनाव चिन्ह दिया। शरद पवार के नेतृत्व वाले गुट का नाम नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) रखा गया। चुनाव आयोग ने पार्टी को ‘तुरही (तुतारी ) बजाते हुए एक आदमी’ चुनाव चिह्न आवंटित किया।
  • 15 फरवरी 2024 – महाराष्ट्र विधानसभा स्पीकर ने अजित पवार गुट को असली NCP घोषित किया, क्योंकि उनके पास विधायिका में बहुमत था।
  • 2024 विधानसभा चुनाव – दोनों गुटों ने अलग-अलग चुनाव लड़े; महायुति में शामिल NCP (अजित पवार) ने 41 सीटें जीतीं। वहीं, महा विकास अघाड़ी (MVA) का हिस्सा NCP (शरद पवार) के हिस्से 10 सीटें आई थी।

नगर निकाय चुनाव में भाजपा ने 117 सीटें जीतीं

महाराष्ट्र की 288 नगर परिषदों और नगर पंचायत के लिए 2 दिसंबर और 20 दिसंबर को वोटिंग हुई थी। 21 दिसंबर को आए नतीजों में सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन (NDA) को बंपर जीत हासिल हुई। 288 सीटों (246 नगर परिषदों और 42 नगर पंचायतों) के रिजल्ट में महायुति को 207 सीटों पर जीत मिली।

गठबंधन में भाजपा 117 सीटों पर जीत के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। एकनाथ शिंदे की शिवसेना को 53 सीटें, NCP अजित को 37 सीटें मिलीं। वहीं, विपक्षी महा विकास अघाड़ी (MVA) गठबंधन 44 सीटों तक सीमित रहा। इसमें कांग्रेस को 28 सीटें मिलीं, जबकि शरद पवार की NCP को केवल 7 और शिवसेना (UBT) को 9 सीटें हासिल हुईं। पूरी खबर पढ़ें…

——————————-

महाराष्ट्र की राजनीति से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें…

20 साल बाद उद्धव-राज ठाकरे की पार्टी में गठबंधन: कहा- हमारी सोच एक, बंटेंगे तो बिखरेंगे

उद्धव और राज ठाकरे ने बुधवार को बृहन मुंबई नगर निगम (BMC) चुनाव एक साथ लड़ने का ऐलान किया। 20 साल बाद दोनों की पार्टी शिवसेना (यूबीटी) और मनसे में चुनावी गठबंधन हुआ है। इससे पहले 2005 में राज ठाकरे ने शिवसेना से अलग होकर मनसे पार्टी बनाई थी। दोनों ने जॉइंट प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसका ऐलान किया। उद्धव ठाकरे ने कहा कि हमारी सोच एक है अगर बंटेंगे तो बिखरेंगे। पूरी खबर पढ़ें…

खबरें और भी हैं…



Source link

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)

Related Post

आज का मौषम
Live Cricket
आज का राशिफल
लाइव शेयर मार्केट