भोजपुरी इंडस्ट्री के पावर स्टार पवन सिंह को लॉरेंस बिश्नोई गैंग की तरफ से मिली धमकी का स्क्रीनशॉट सामने आया है। धमकी बबलू नाम के व्यक्ति ने दी। उसने पवन सिंह के करीबी लोगों को धमकी भरा वॉट्सऐप मैसेज भेजा।
.
जिसमें लिखा है- पवन सिंह को बोल देना मेरा फोन नहीं उठाता है, आज से उसकी उल्टा गिनती शुरू। लखनऊ में गोली मारेंगे। दुनिया के किसी भी कोने में मिलेगा गोली मार देंगे।
बबलू ने पवन सिंह को बॉलीवुड एक्टर सलमान खान के साथ काम न करने की चेतावनी दी। पवन सिंह ने सोमवार को मुंबई में शिकायत दर्ज कराई है। पवन सिंह का लखनऊ में भी अपार्टमेंट है।
खुद को लॉरेंस गैंग का मेंबर बताने वाले बबलू ने मैसेज में लिखा- ‘पवन सिंह को बोल देना मेरा फोन नहीं उठाता है। आज से उसका उल्टा गिनती शुरू है। सलमान खान के साथ काम करता है ना, मारेंगे लखनऊ में उसको। दुनिया के किसी भी कोने में मिलेगा गोली मार देंगे। लॉरेंस बिश्नोई गैंग से बबलू…
तुम्हे नहीं पता तो उपेंद्र कुशवाहा से पूछ लेना और पप्पू यादव से पूछ लेना कौन है लॉरेंस बिश्नोई? बहुत बड़ा हीरो बनता है न पवन सिंह, उसको बोल मेरे को फोन कॉल करने को। भाई का नंबर गूगल पर मिल जाएगा। सलमान खान के साथ इसका सपना रह जाएगा। दोबारा सलमान खान के साथ काम नहीं करेगा।’
बता दें कि उपेंद्र कुशवाहा केंद्र में मंत्री हैं और पप्पू यादव सांसद हैं। पप्पू ने पूर्णिया से लोकसभा चुनाव जीता था।
दो दिन लगातार आई धमकी पवन सिंह को दो दिन लगातार धमकी मिली। पहली बार 6 दिसंबर को रात 10:48 बजे पर और 10:50 बजे धमकी भरी कॉल आई थी। इसके बाद 7 दिसंबर को शाम 7:13 बजे और 7:15 बजे फिर से कॉल आई।
धमकी के बाद पवन सिंह के मैनेजर ने तुरंत मुंबई पुलिस से संपर्क किया। उन्होंने सुरक्षा देने की बात कही। मुंबई पुलिस ने पवन सिंह की शिकायत दर्ज कर ली है।
पवन के मुताबिक, शनिवार को एक अनजान नंबर से कॉल आया। कॉल रिसीव करने पर कॉल करने वाले शख्स ने कहा, “हम गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्य बोल रहे हैं।” इसके बाद उसने कहा, “तुम्हें सलमान खान के साथ मंच साझा नहीं करना है।” साथ ही मोटी रकम की भी डिमांड की गई।
धमकी के बावजूद सलमान के साथ दिखे, धमाकेदार डांस किया

पवन सिंह को सलमान ने गले लगाया। इसके बाद राजा जी के दिलवा टूट जाई गाने पर डांस किया।
लॉरेंस गैंग की धमकी के बावजूद भोजपुरी इंडस्ट्री के पावर स्टार पवन सिंह रविवार को रियलिटी शो बिग बॉस के 19वें सीजन ग्रैंड फिनाले में शामिल हुए। यह फिनाले मुंबई के गोरेगांव फिल्म सिटी में हुआ। शो 24 अगस्त से शुरू हुआ था और पिछले कई सीजनों की तरह इस बार भी इसे सलमान खान ने होस्ट किया।
शो में पवन सिंह ने सलमान खान और नीलम गिरी के साथ स्टेज पर राजा जी दिलवा टूट जाई गाने पर धमाकेदार डांस परफॉर्मेंस दी।

धमकी के बीच पवन सिंह बिग बॉस के ग्रैंड फिनाले में शामिल हुए। उन्होंने सलमान से हाथ मिलाया। सलमान ने भी उन्हें पावर स्टार कहकर स्टेज पर बुलाया।
पवन सिंह के पास Y प्लस की सुरक्षा सितंबर महीने में पवन सिंह को धमकी दी गई थी। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। धमकी महाराष्ट्र के बाबा खान के गुंडों ने दी थी। वीडियो जारी कर कहा था- दम है तो बाबा खान के सामने आकर कुछ बोलकर दिखाओ। इसी खतरे को देखते हुए पवन सिंह को अब वाई प्लस सिक्योरिटी दी गई।
वाई प्लस कैटेगरी की सिक्योरिटी एक वीआईपी सुरक्षा कवच है। इसमें 11 सुरक्षाकर्मी शामिल रहते हैं। इनमें 2 से 4 कमांडो, पुलिस कर्मी और 2 निजी सुरक्षा अधिकारी (PSO) शामिल रहते हैं। उन लोगों को ये सुरक्षा दी जाती है, जिनकी जान को खतरा बहुत ज्यादा होता है। यह सुरक्षा वाई श्रेणी से ऊपर और जेड श्रेणी से नीचे मानी जाती है। इसमें CRPF, CISF के कमांडो शामिल होते हैं।

अब सलमान और लॉरेंस विवाद समझिए…
साल 1998 में फिल्म ‘हम साथ-साथ हैं’ की शूटिंग राजस्थान के जोधपुर में हुई थी। तब एक काले हिरण के शिकार का मामला सामने आया था। जिसमें सलमान खान आरोपी थे। काले हिरण को बिश्नोई समाज पवित्र मानता है। इसे मारना उनके धार्मिक मान्यताओं का गंभीर अपमान माना जाता है। गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई इसी समुदाय से आता है। उसने कई बार कहा कि सलमान ने उनकी आस्था का अपमान किया है और उसे सजा मिलनी चाहिए।
लॉरेंस गैंग से सलमान खान को कई बार धमकी मिली है। 14 अप्रैल, 2024 की सुबह करीब 5 बजे सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट में 7.6 बोर की बंदूक से 4 राउंड फायरिंग हुई थी। इसके बाद जनवरी में उनके अपार्टमेंट की बालकनी बुलेटप्रूफ कर दी गई है। साथ ही हाई रेजोल्यूशन कैमरे भी चारों तरफ लगाए गए।
उन्हें महाराष्ट्र सरकार की तरफ से Y+ कैटेगरी की सुरक्षा मिली हुई है। 11 जवान हर समय साथ रहते हैं, इसमें एक या दो कमांडो और 2 PSO भी शामिल होते हैं।

सलमान की गाड़ी के आगे और पीछे एस्कॉर्ट करने के लिए दो गाड़ियां हमेशा रहती हैं। इसके साथ-साथ सलमान की गाड़ी भी पूरी तरह बुलेटप्रूफ है। करीब 8 महीने पहले फिल्म सिकंदर की प्रेस मीट में सलमान खान ने कहा था- भगवान-अल्लाह ने जितनी उम्र लिखी होगी, उतनी जरूर जिएंगे। सिक्योरिटी बढ़ाई जाने पर सलमान ने कहा, ‘कभी-कभी इतने लोगों को साथ लेकर चलने से दिक्कत हो जाती है।’
सलमान ने अपने पेट डॉग का किस्सा भी सुनाया। उन्होंने कहा, ‘बहुत समय पहले हमारे पास एक कुत्ता था माइसन, वह बहुत स्वीट था। एक बार चोर आया और माइसन को प्यार करके अपने साथ लेकर चला गया।’

————-
यह खबर भी पढ़िए:-
सीमा हैदर छठवीं बार मां बनने वाली हैं:सचिन के साथ VIDEO शेयर किया, बोलीं- नया मेहमान आने वाला है

पाकिस्तान से भारत आईं सीमा हैदर एक बार फिर प्रेग्नेंट है। वह छठवीं बार मां बनने वाली हैं। सीमा ने खुद वीडियो जारी कर इसकी जानकारी दी। सीमा ने इससे पहले 18 मार्च 2025 यानी बच्ची को जन्म दिया था। ये सचिन-सीमा का दूसरा बच्चा होगा। जबकि, पाकिस्तानी पति गुलाम हैदर से सीमा को 4 बच्चे हैं। सीमा और सचिन के कुल 5 बच्चे हैं। पढ़ें पूरी खबर…



