पणजी3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
गोवा के अरपोरा इलाके में शनिवार देर रात एक नाइट क्लब में सिलेंडर ब्लास्ट होने से 23 लोगों की मौत हो गई। घायलों की संख्या अभी सामने नहीं आई है। पुलिस के मुताबिक आग रात करीब 12 बजे लगी।
घटना की सूचना मिलते ही गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत और लोकल MLA माइकल लोबो मौके पर पहुंचे। सीएम ने बताया कि मरने वालों में तीन महिलाएं और 3-4 टूरिस्ट शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि तीन की मौत जलने से हुई और बाकी की जान दम घुटने से गई। हादसे की पूरी जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल शुरुआती जानकारी से पता चला है कि नाइट क्लब ने फायर सेफ्टी नियमों का पालन नहीं किया था। दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, जिनकी मदद से क्लब में लगी आग पर काबू पा लिया गया है। रेस्क्यू टीम अभी भी तलाशी कर रही है।
आग लगने की तस्वीर…

किचन से शुरू हुई आग, सीढ़ियों पर मिले शव
गोवा के डीजीपी आलोक कुमार ने बताया कि अब तक 23 शव बरामद किए गए हैं। मरने वालों में ज्यादातर क्लब में काम करने वाले कर्मचारी हैं। डीजीपी ने कहा- आग सबसे पहले ग्राउंड फ्लोर में बनी रसोई से क्लब के दूसरे हिस्सों में फैली। इसलिए सबसे ज्यादा शव वहीं से मिले हैं। भागने की कोशिश में दो लोगों की मौत सीढ़ियों पर हुई, जिनके शव वहां पाए गए।
एरिया सील, आज FSL टीम जांच करेगी
घटनास्थल पर प्रशासन के सीनियर अधिकारी मौजूद हैं। रविवार सुबह फॉरेंसिक (FSL) टीम आग लगने की असल वजह की जांच करेगी।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रशासन ने घटनास्थल को सील कर दिया है। पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
CM सावंत बोले- जिम्मेदारों पर एक्शन लेंगे
CM सावंत ने X पर पोस्ट कर बताया कि आज का दिन गोवा के लिए बहुत दुखद है। अरपोरा में लगी भीषण आग में 23 लोगों की मौत हो गई। मैं बेहद दुखी हूं और इस कठिन समय में सभी पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। मैंने मौके पर जाकर हालात देखे और इस घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं।
जांच में यह पता लगाया जाएगा कि आग कैसे लगी और क्या वहां फायर सेफ्टी और बिल्डिंग के नियमों का सही तरह पालन किया गया था या नहीं। जो भी इस घटना के लिए जिम्मेदार होगा, उसके खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी तरह की लापरवाही को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

———————————
ये खबर भी पढ़ें…
गोवा के शिरगांव में भगदड़, 7 की मौत, 50 घायल, बिजली तार गिरने से हादसा, एक-दूसरे पर गिरे लोग

गोवा के शिरगांव में श्री लैराई जात्रा (यात्रा) के दौरान 2 मई की रात मची भगदड़ में 7 लोगों की मौत हो गई थी। हादसे में 50 से ज्यादा लाेग घायल हुए थे। 2 मई की शाम को बड़ी संख्या में श्रद्धालु जात्रा में शामिल होने मंदिर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान एक दुकान के सामने बिजली के तार से करंट लगने के बाद कुछ लोग गिर गए। तभी अफरा-तफरी हुई और भगदड़ मच गई। पूरी खबर पढ़ें…