नई दिल्ली/भोपाल/लखनऊ3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
देशभर में सर्दी अब जमने लगी है। राजस्थान में रविवार को दिन और रात के तापमान में 1 से 2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। रविवार को प्रदेश के 16 शहरों में पारा 10 डिग्री से कम रिकॉर्ड किया गया। अधिकांश शहरों में रात का तापमान सामान्य से 6 डिग्री तक रहा। सीकर 4.3 डिग्री पारे के साथ सबसे ठंडा रहा।
मध्य प्रदेश के भोपाल और इंदौर दोनों जगह न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री दर्ज हुआ। 84 साल में नवंबर का यह सबसे कम तापमान है। राजधानी में 24 घंटे में पारा 1.6 डिग्री और गिरा। यह सामान्य से 9.2 डिग्री नीचे रहा, जबकि इंदौर में सामान्य से 8.8 डिग्री कम दर्ज हुआ।
इधर, दिल्ली में रविवार को ठंड ने नवंबर में तीन साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 4.5 डिग्री कम है। हालांकि अभी कोल्ड वेव घोषित नहीं की गई, लेकिन मौसम विभाग ने कहा है कि अगर सोमवार को भी दो या ज्यादा मौसम केंद्र लगातार दूसरे दिन मानक पूरे करते हैं, तो कोल्ड वेव की घोषणा कर दी जाएगी।
राज्यों में मौसम का हाल…
राजस्थानः आज शीतलहर का अलर्ट; एक हफ्ते तक रहेगा असर, दिन का तापमान भी गिरने लगा

उत्तर भारत से चल रही नॉदर्न विंड ने राजस्थान में ठिठुरन बढ़ा दी है। मौसम केन्द्र जयपुर ने सोमवार को 4 जिलों में कोल्ड-वेव चलने का यलो अलर्ट जारी किया है। रविवार को सीकर, चूरू, झुंझुनूं (शेखावाटी बेल्ट) के अलावा नागौर, जोधपुर, अजमेर, चित्तौड़गढ़, उदयपुर के आसपास के इलाकों में कोल्ड-वेव का प्रभाव रहा। सुबह-शाम सर्द हवा से ठिठुरन रही। पूरी खबर पढ़ें…
मध्य प्रदेशः कड़ाके की ठंड में भी नहीं बदली स्कूलों की टाइमिंग; सिर्फ ग्वालियर, छिंदवाड़ा-देवास में ही समय बढ़ाया

इस बार नवंबर में ही पूरा मध्यप्रदेश ठिठुर रहा है। भोपाल, इंदौर में तो पारा रिकॉर्ड लुढ़का है। वहीं, ग्वालियर, जबलपुर-उज्जैन समेत कई शहरों में कड़ाके की ठंड है। अगले 2 दिन तक कई जिलों में शीतलहर का अलर्ट है। इसके बावजूद प्रदेश में स्कूलों की टाइमिंग नहीं बदली गई है। सिर्फ ग्वालियर, छिंदवाड़ा और देवास कलेक्टर ने ही स्कूल लगने का समय बदला है। पूरी खबर पढ़ें…
पंजाबः तापमान 5°C तक गिरा, मानसा में सबसे ज्यादा 29.6°C, फरीदकोट सबसे ठंडा; 20 नवंबर तक साफ रहेगा मौसम

पंजाब में मौसम बदल रहा है। पहाड़ों से ठंडी हवा आने की वजह से तापमान लगातार गिर रहा है। पिछले 24 घंटों में औसत अधिकतम तापमान 0.5°C कम हुआ है। न्यूनतम तापमान कई दिनों से सामान्य से नीचे चल रहा है, जिसकी वजह से राज्य का न्यूनतम तापमान अब करीब 5°C तक पहुंच गया है। रविवार को मानसा सबसे गर्म रहा, जहां 29.6°C तापमान दर्ज किया गया। पूरी खबर पढ़ें…
उत्तराखंडः ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का अलर्ट; पहाड़ी जिलों में पाला गिरा, निचले क्षेत्रों में ठंड बढ़ी

उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में आज बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। उत्तराखंड में मौसम शुष्क बना हुआ है लेकिन रातें सर्द होने लगी हैं। बीते कई दिनों से उत्तराखंड का मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन यह स्थिति तापमान में गिरावट ला रही है, विशेष रूप से पहाड़ी क्षेत्रों में पाला पड़ने लगा है, जिसने स्थानीय लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पूरी खबर पढ़ें…
हिमाचलः 27 शहरों का पारा 10°C से नीचे; 4 जगह तापमान माइनस में, शिमला से ज्यादा ठंड मैदानी इलाकों में

हिमाचल प्रदेश में शिमला से ज्यादा ठंड मैदानी इलाकों में पड़ रही है। पहाड़ों से ठंडी हवाएं चलने मैदानी इलाकों की तरफ चल रही है। इससे निचले इलाकों में सुबह-शाम और रात के वक्त का तापमान कम हो रहा है। प्रदेश के 27 शहरों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम हो गया है। पूरी खबर पढ़ें…



