झारखंड में पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम का मिजाज बदलने लगा है। रांची मौसम केंद्र के अनुसार 16 नवंबर तक राज्य के अधिकतर जिलों में सुबह के समय कोहरा या धुंध छाई रहेगी, जबकि दिन में आसमान पूरी तरह साफ रहेगा।
.
मौसम विभाग ने साफ संकेत दिया है कि अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
हालांकि, अभी मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। पश्चिमी, दक्षिणी और उत्तरी-पश्चिमी जिलों में सुबह की ठिठुरन अधिक महसूस की जा रही है।
14 नवंबर तक पूरे राज्य में आसमान रहेगा साफ
10 नवंबर को कोहरा और हल्की धुंध के बाद मौसम सामान्य रहेगा। वहीं 11 से 14 नवंबर तक पूरे राज्य में इसी तरह साफ आसमान और शुष्क मौसम की स्थिति बनी रहेगी।
तापमान में गिरावट का दौर जारी रहेगा। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि हवा की दिशा बदलने और रात में साफ आसमान रहने से ठंड तेजी से बढ़ सकती है।
मौसम केंद्र ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि 11 नवंबर को झारखंड के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों और उत्तरी छत्तीसगढ़ से सटे इलाकों में कहीं-कहीं शीत लहर जैसी स्थिति बन सकती है।
गढ़वा, पलामू, लातेहार और उसके आसपास के जिलों में ठंडी हवाएं चलने से सुबह और रात की ठिठुरन बढ़ेगी। इन इलाकों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे कम जा सकता है।
राज्य में किसी तरह की चेतावनी नहीं
13 और 14 नवंबर को राज्य में किसी तरह की चेतावनी नहीं है, पर तापमान में लगातार गिरावट का दौर जारी रहेगा। हवा की गति सामान्य रहने और बादल न होने से रातें और ज्यादा सर्द होंगी।
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि सुबह और देर शाम बाहर निकलते समय सतर्क रहें और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें।
बात राजधानी रांची के मौसम की करें तो 10 से 16 नवंबर तक अधिकतम तापमान 25 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान 10 से 13 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है। 15 और 16 नवंबर को भी सुबह में कोहरा और धुंध के बाद दिनभर साफ मौसम रहेगा।
आज उत्तर-पूर्वी झारखंड में गिरेगा पारा
11 नवंबर को झारखंड के अधिकतर जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी और ठंड का असर बढ़ेगा। मौसम विभाग के अनुसार दुमका, धनबाद, देवघर, जामताड़ा और गिरिडीह में अधिकतम तापमान 28 से 29 डिग्री के आसपास रहेगा, जबकि न्यूनतम 12 से 14 डिग्री तक आएगा। पाकुड़ और गोड्डा में अधिकतम तापमान 29 से 30 डिग्री रहेगा, लेकिन रात का पारा 14 से 15 डिग्री तक गिरेगा।
कोडरमा, चतरा, गढ़वा, लातेहार और पलामू में न्यूनतम तापमान 9 से 10 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। जमशेदपुर, सरायकेला, सिंहभूम और सिमडेगा में भी रातें ठंडी रहेंगी, जहां न्यूनतम तापमान 11 से 12 डिग्री तक रहने का अनुमान है।



