‘2 महीने पहले प्यार, घर से भागकर शादी भी की’:  समस्तीपुर में प्रेमी जोड़े की पेड़ से लटकी मिली लाश,गांव के लोग बोले- ये मर्डर है – Samastipur News

‘2 महीने पहले प्यार, घर से भागकर शादी भी की’: समस्तीपुर में प्रेमी जोड़े की पेड़ से लटकी मिली लाश,गांव के लोग बोले- ये मर्डर है – Samastipur News


समस्तीपुर के उजियारपुर के केराई गांव में शनिवार की सुबह पेड़ से लटकी प्रेमी जोड़े की लाश मिली थी, जिनकी पहचान 20 साल के अभिषेक और 18 साल की प्रीति के रूप में हुई। प्रेमी जोड़े के घर के बीच की दूरी 3 किलोमीटर है। लिहाजा, गांव के लोगों को दोनों के बारे

.

घटनास्थल पर मौजूद लोगों से बातचीत की गई तो सभी ने इस घटना को आत्महत्या मानने से इनकार कर दिया। उधर, प्रीति और अभिषेक दोनों के परिवार की ओर से एक दूसरे पर प्रीति और अभिषेक की हत्या का आरोप लगाया। हालांकि, पुलिस फिलहाल आरोपों की जांच पड़ताल में जुटी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगा कि प्रीति और अभिषेक की हत्या हुई है या फिर उन्होंने आत्महत्या की है।

दैनिक भास्कर रिपोर्टर घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौके पर मौजूद लोगों से बातचीत की। अभिषेक और प्रीति दोनों के परिवार के सदस्यों से भी बात की। पढ़ें पूरी रिपोर्ट…

अभिषेक और प्रीति की लाश लाल रंग के दुपट्टे से लटकी मिली।

सबसे पहले जानिए, प्रीति और अभिषेक की लव स्टोरी

अभिषेक उर्फ विकास और प्रीति उर्फ दीपा बचपन से ही एक दूसरे को जानते थे। दोनों एक ही स्कूल में पढ़ाई करते थे। करीब 2 महीने पहले जब प्रीति अपने चाचा-चाची के साथ दिल्ली से लौटी तो अचानक उसकी मुलाकात अभिषेक से हुई। इसके बाद दोनों की बातचीत शुरू हुई। फिर दोनों ने एक-दूसरे से प्यार का इजहार भी किया। फिर दोनों ने एक दूसरे के प्यार को स्वीकार भी कर लिया।

चूंकि प्रीति और अभिषेक के घर के बीच की दूरी ज्यादा नहीं थी, तो दिन में एक से अधिक बार दोनों की मुलाकात हो जाती थी। जब गांव के लोगों से बातचीत की गई तो पता चला कि प्रीति के चाचा के घर के पास एक गैराज है, वहां एक दुकान भी है। प्रीति कभी-कभी दुकान पर बैठती थी। इस दौरान अभिषेक भी आता था।

प्रीति के पिता की मौत हो चुकी थी और मां भी काफी पहले उसके परिवार को छोड़ कर चली गई थी, जिस कारण वह अपने छोटे चाचा-चाची के साथ रहती थी। चाचा ने गांव के तिनमुहानी पर दिल्ली से लौटने के बाद गैराज और जनरल स्टोर की दुकान खोली थी।

वहीं पर सभी लोग रात में भी रहते थे। इसी दुकान पर अभिषेक का भी आना जाना होता था। मां-पिता के नहीं रहने के कारण प्रीति की पढ़ाई भी काफी पहले छूट चुकी थी। अभिषेक ने भी बीच में ही पढ़ाई छोड़ दी थी। अभिषेक 7 भाइयों में सबसे छोटा था। वो घर पर ही रहता था।

प्रीति और अभिषेक की शादी की तस्वीर भी सामने आई है।

प्रीति और अभिषेक की शादी की तस्वीर भी सामने आई है।

प्रीति और अभिषेक की शादी की तस्वीर भी सामने आई

प्रीति और अभिषेक की शादी की एक तस्वीर भी सामने आई है। हालांकि, ये क्लियर नहीं है कि दोनों ने कब और कहां शादी की। नाम न छापने की रिक्वेस्ट पर अभिषेक के एक दोस्त ने बताया कि दोनों के बीच अफेयर की मुझे तो जानकारी थी, लेकिन दोनों ने शादी कब और कहां की, इस बारे में किसी को नहीं पता।

प्रीति की चाची बोली- हमारे साथ दिल्ली में रहती थी, हमें तो कुछ पता ही नहीं चला

प्रीति की चाची गुड़िया देवी ने बताया कि भतीजी हम लोगों के साथ दिल्ली भी रहती थी। पिछली बार जब पंचायत चुनाव हुआ था, तब प्रीति के पिता अमरेश सिंह की सांप के काटने से मौत हो गई थी। प्रीति की मां पहले ही किसी से भाग गई थी। इसलिए प्रीति अपने एक भाई के साथ हमारे साथ ही रहती थी। प्रीति का बड़ा भाई काम के सिलसिले में घर से बाहर रहता है।

गुड़िया ने बताया कि दो महीने पहले दुर्गापूजा के मौके पर हम लोग दिल्ली से आए थे, तब प्रीति भी हमारे साथ यहां आई थी। अब यहां आने के बाद वो किससे मिलती थी, कब मिलती थी, अभिषेक कब आता था, दोनों की मुलाकात कब होती थी, हम लोगों को इस बारे में कुछ पता नहीं है।

प्रीति के चाचा का गैराज, जहां अक्सर अभिषेक अपने प्रेमिका प्रीति से मिलने आता था।

प्रीति के चाचा का गैराज, जहां अक्सर अभिषेक अपने प्रेमिका प्रीति से मिलने आता था।

गुड़िया देवी ने बताया कि 6 नवंबर की रात गांव में एक परिवार के मुंडन का भोज था। इसी में वो अपने चाचा के साथ गई थी। लौटकर गैराज पर आई, लेकिन रात को करीब 11 बजकर 30 मिनट पर सीसीटीवी में वो घर से जाती भी दिखी। सुबह जब नहीं मिली, तो हम लोगों को इसी जानकारी हुई।

गुड़िया ने बताया कि, हम लोगों ने मामले की जानकारी पहले पंचायत के सरपंच को दी। इसके बाद 7 नवंबर की शाम को पता चला कि प्रीति अभिषेक के साथ उसके घर पर है। मेरे पति और प्रीति के चाचा अभिषेक के घर गए।

वहां पता चला कि अभिषेक भी घर पर नहीं है। फिर तय हुआ कि 8 नवंबर को पुलिस के पास जाएंगे। लेकिन 8 को सुबह ही दोनों की पेड़ से लटकी लाश मिल गई। अब ये हत्या है या फिर आत्महत्या है, इसकी जानकारी मुझे नहीं है।

तीन साल पहले भी किसी लड़के के साथ भागी थी प्रीति

प्रीति के पड़ोसी रोशन सिंह बताते हैं कि अमरेश सिंह की मौत के बाद प्रीति घर पर अकेले ही रहती थी। एक बड़ा भाई है, जो बाहर रहता है। छोटा भाई घर पर ही रहता है। करीब तीन साल पहले भी प्रीति घर से भाग गई थी। लेकिन फिर लौट आयी थी। जब प्रीति लौटी तो वो अपने चाचा-चाची के साथ उनके घर पर रहने लगी थी। प्रीति के चाचा-चाची का परिवार दिल्ली में रहता था, प्रीति वहां भी रहती थी। दो महीने पहले ही दुर्गा पूजा के आसपास गांव आई थी।

अभिषेक के घरवालों ने प्रीति के चाचा पर हत्या का आरोप लगाया

अभिषेक की बहन बबीता देवी बताया कि, मैं शुक्रवार की रात को ही ससुराल से मायके आई थी। घर आने के बाद मैंने अपने भाई अभिषेक को तलाशने लगी। उसे आवाज लगाई, तो पता चला कि अभिषेक शाम तक घर पर ही था, लेकिन रात तक वापस नहीं आया।

घटना के बाद शनिवार को दिनभर गांव में अभिषेक और प्रीति की चर्चा होती रही।

घटना के बाद शनिवार को दिनभर गांव में अभिषेक और प्रीति की चर्चा होती रही।

बबीता के मुताबिक, मैं घर पर थी, तभी प्रीति के चाचा, उसके कुछ रिश्तेदार और गांव के लोग अभिषेक को तलाशते हुए घर आए। उन्होंने बताया कि हमें शक है कि प्रीति आपके घर पर है। हम लोगों ने घर दिखा दिया, उन्हें तसल्ली हुई तो तय किया गया कि हम दोनों परिवार मिलकर अभिषेक और प्रीति को तलाशेंगे।

बबीता ने बताया कि हम लोगों अभिषेक और प्रीति को तलाशते हुए उस जगह भी गए थे, जहां दोनों की शनिवार सुबह लाश मिली, लेकिन रात को वहां कुछ ऐसा नहीं था। जब थक हारकर हम लोग घर आ गए, प्रीति के चाचा और उसके रिश्तेदार अपने घर चले गए। हम लोग सो गए। अचानक सुबह किसी ने घर आकर बताया कि अभिषेक और प्रीति की पेड़ से एक दुपट्टे से फंदे से लाश लटकी हुई मिली है।

प्रत्यक्षदर्शी बोले- ये निश्चित तौर पर हत्या है, 10 से 15 फीट ऊपर कोई आत्महत्या नहीं कर सकता

वारदात के बाद घटनास्थल पर मौजूद विभूति कुमार ने बताया कि जब मैं मौके पर पहुंचा तो देखा कि लड़के और लड़की की लाश एक ही दुपट्टे के सहारे लटकी थी। कोई ऐसे आत्महत्या नहीं कर सकता। दोनों की लाश और जमीन के बीच की दूरी करीब 15 फीट थी। इतनी ऊंचाई पर जाकर कोई कैसे हत्या कर सकता है। आशंका है कि दोनों की हत्या के बाद लाश को पेड़ से लटकाया गया है।

उधर, अभिषेक के घऱ के पास ही रहने वाले पड़ोसी रोशन सिंह से बातचीत की गई, तो उन्होंने कहा कि निश्चित तौर पर ये हत्या का मामला है। उन्होंने कहा कि अभिषेक ऐसा लड़का नहीं है कि वो आत्महत्या कर ले। उसे घर में सब मानते थे, उसने अगर शादी की और प्यार की बात की होती तो सब उसके प्यार को स्वीकार कर लेते। ये हत्या का ही मामला है, पुलिस को अच्छे से जांच पड़ताल करनी ही चाहिए।

प्रीति, अभिषेक के परिवार ने एक-दूसरे के परिवार पर लगाया हत्या का आरोप

दलसिंहसराय के डीएसपी विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि प्रीति और अभिषेक की लाश को जब्त कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। अब रिपोर्ट आने के बाद ही दोनों की मौत के कारणों की पुष्टि हो पाएगी कि ये हत्या है या फिर आत्महत्या। फिलहाल, प्रीति और अभिषेक के परिवार की ओर से आवेदन दिया गया है। दोनों के परिवार ने एक दूसरे के परिवार पर हत्या का आरोप लगाया है। आरोपों की पड़ताल की जा रही है। फिलहाल, मामले में कुछ भी स्पष्ट रूप से कहना जल्दबाजी होगी।



Source link

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)

Related Post

आज का मौषम
Live Cricket
आज का राशिफल
लाइव शेयर मार्केट