रांची मौसम केंद्र के अनुसार झारखंड में अगले पांच दिनों तक मौसम पूरी तरह साफ और शुष्क रहने वाला है। 8 नवंबर तक राज्य के ज्यादातर जिलों में सुबह से लेकर दोपहर तक तेज धूप रहेगी, जिससे दिन का तापमान सामान्य रहेगा। लेकिन शाम ढलते ही हल्की ठंडक बढ़ने लगेगी
.
मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि झारखंड के किसी भी जिले में बारिश की संभावना नहीं है।
मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस दौरान झारखंड के किसी भी जिले में बारिश की संभावना नहीं है। पश्चिमी हिस्सों जैसे रांची, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा और खूंटी में दिन भर खुला आसमान रहेगा, जबकि पूर्वी इलाकों धनबाद, जमशेदपुर, सरायकेला और पश्चिम सिंहभूम में भी मौसम शुष्क बना रहेगा।
दो से तीन डिग्री तक गिरेगा तापमान
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जाएगी। रांची और आसपास के इलाकों में अधिकतम तापमान 26 से 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
हालांकि 8 नवंबर तक मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। उसके बाद भी साफ और शुष्क मौसम बना रहेगा। विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम दिशा से चलने वाली ठंडी हवाएं ही तापमान में गिरावट का मुख्य कारण हैं। इससे सुबह और देर शाम के समय हल्की सर्दी का एहसास बढ़ेगा।

उत्तरी और मध्य हिस्सों में रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है।
उत्तरी और मध्य झारखंड में तेजी से गिरेगा पारा
मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, झारखंड के उत्तरी और मध्य हिस्सों में रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। 8 नवंबर तक रांची, लोहरदगा, गुमला और हजारीबाग में न्यूनतम तापमान 13 से 15 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
वहीं, पलामू और लातेहार में रात का पारा 12 से 14 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। पूर्वी झारखंड के धनबाद, जमशेदपुर और सरायकेला में दिन का तापमान 30 से 31 डिग्री और रात का तापमान 16 से 18 डिग्री तक दर्ज किया जा सकता है।

गढ़वा और चतरा जिलों में भी तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट का अनुमान है।
अगले हफ्ते और बढ़ेगी ठंड
गढ़वा और चतरा जैसे उत्तर-पश्चिमी जिलों में भी तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि उत्तर-पश्चिम दिशा से बहने वाली ठंडी हवाएं धीरे-धीरे पूरे राज्य में सर्दी का असर बढ़ा रही हैं। अगले पांच दिनों तक झारखंड के सभी जिलों में दिन में धूप और रात में हल्की ठंड बनी रहेगी। लोगों को सुबह और देर शाम के समय सर्दी का हल्का एहसास होने लगा है।



