- Hindi News
- National
- Gujarat Cabinet Expansion Update; Bhupendra Patel Minister List | BJP MLA
गांधीनगर9 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
सीएम भूपेंद्र पटेल 3 साल पहले मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद अपने मंत्रिमंडल के साथ।
गुजरात में सीएम भूपेंद्र पटेल कैबिनेट के सभी 16 मंत्रियों ने गुरुवार को इस्तीफा दे दिया। कल गांधीनगर में सुबह 11.30 बजे नई कैबिनेट की शपथ होगी।
इस फेरबदल को राज्य में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारी से जोड़ा जा रहा है। जानकारी के मुताबिक मंत्रिमंडल में नए चेहरे शामिल किए जा सकते हैं, 2 डिप्टी सीएम भी बनाए जा सकते हैं।
गुजरात कैबिनेट में सीएम समेत 17 मंत्री थे, जिसमें 8 कैबिनेट और 8 राज्य मंत्री (MoS) थे। अब यह संख्या बढ़कर 22-23 हो सकती है। कांग्रेस से भाजपा में आए विधायक भी मंत्री बन सकते हैं।
गुजरात विधानसभा में 182 विधायक हैं। कुल संख्या के 15% की अधिकतम सीमा के लिहाज से सीएम समेत कुल 27 मंत्री हो सकते हैं।

गांधीनगर के महात्मा मंदिर में नई कैबिनेट को शपथ दिलाने की तैयारियां की गई हैं।
कैबिनेट फेरबदल की वजह 2027 के चुनाव की तैयारी
- आलाकमान संतुष्ट नहीं: राजनीतिक जानकारों का कहना है कि मौजूदा सरकार के ज्यादातर मंत्री भाजपा आलाकमान की उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पाए हैं। इसके अलावा, हाल ही में हुए विसावदर विधानसभा उपचुनाव में मुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के कैंपेन के बावजूद भाजपा AAP के गोपाल इटालिया को हरा नहीं पाई थी।
- सत्ता विरोधी लहर: नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री कार्यकाल के बाद से गुजरात सरकार में लगातार बदलाव हुए हैं। आनंदीबेन पटेल और विजय रूपाणी सरकारों के अचानक इस्तीफे और अब मौजूदा मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल सरकार में बदलाव। ये सारे बदलाव तभी हुए हैं, जब गुजरात की जनता में सत्ता विरोधी लहर का असर महसूस होने लगा।
- पुराने दिग्गजों को वापस लाना: चर्चा है कि विसावदर सीट के नतीजों ने भाजपा को चिंता में डाल दिया है। भाजपा में ताकतवर माने जाने वाले लेकिन लंबे समय से किसी न किसी वजह से दरकिनार किए गए नेताओं को अब बड़े पद दिए जाएंगे और नई जिम्मेदारियां दी जाएंगी।
- तीन साल से सरकार में बदलाव नहीं: 2022 में भूपेंद्र पटेल को फिर से मुख्यमंत्री बनाया गया था। इसके बाद तीन साल से मंत्रिमंडल में कोई बदलाव नहीं किया गया है। जनवरी में नगर पंचायत चुनाव और दो साल बाद 2027 में चुनाव होने हैं। ताजा फेरबदल को इसकी तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है।

भूपेंद्र पटेल की कैबिनेट में ये थे मंत्री…

अमित शाह आज रात गुजरात पहुंचेंगे जानकारी के मुताबिक जिन विधायकों को मंत्री बनाया जाना है, उन्हें फोन करके सूचना दे दी गई है। इधर, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह गुरुवार रात करीब 9 बजे गुजरात पहुंचेंगे। वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा शुक्रवार सुबह गुजरात पहुंचेंगे।
आज राष्ट्रीय संगठन महामंत्री सुनील बंसल गुजरात आ चुके हैं। शाम तक राज्य के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल भी मुंबई में एक कार्यक्रम से गुजरात लौट आएंगे। उसके बाद रात 8 बजे उनके आवास पर मीटिंग होगी। इसके बाद राज्यपाल को नए मंत्रियों की सूची भी सौंपी जाएगी।

सीएम भूपेंद्र पटेल ने 12 दिसबंर, 2022 को पीएम की मौजूदगी में 16 मंत्रियों के साथ शपथ ली थी।
कांग्रेस से आए नेताओं को मिल सकता है मंत्रीपद
नए मंत्रिमंडल में 16 में से 7-10 मंत्रियों को ड्रॉप और 3-5 मंत्री रिपीट किए जा सकते हैं। नए चेहरों में कांग्रेस से आए अर्जुन मोढवाड़िया, अल्पेश ठाकोर, सीजे चावड़ा और हार्दिक पटेल को मौका मिल सकता है।
सौराष्ट्र से जयेश रादडिया और जीतू वाघानी को मंत्रिमंडल में जगह मिलना तय है। खासकर पाटीदारों और उत्तर गुजरात से ठाकोर समुदाय को तवज्जो दी जाएगी।
इसके अलावा, जिन राज्य मंत्रियों को हटाए जाने की संभावना है, उनमें मत्स्य पालन और पशुपालन मंत्री पुरुषोत्तम सोलंकी, पंचायत मंत्री बच्चूभाई खाबर, वन एवं पर्यावरण मंत्री मुकेश पटेल, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री भीखूसिंह परमार और आदिवासी विकास मंत्री कुंवरजी हलपति शामिल हैं।

2021 में रूपाणी का पूरा मंत्रिमंडल बदल गया था

4 साल पहले, भाजपा आलाकमान ने तत्कालीन मुख्यमंत्री विजय रूपाणी समेत पूरे मंत्रिमंडल को अचानक बदलकर सबको चौंका दिया था। एक ऐसे घटनाक्रम में, जिसकी किसी को उम्मीद भी नहीं थी, विजय रूपाणी इस्तीफा देने राजभवन पहुंच गए थे। उनके इस्तीफे के बाद, भूपेंद्र पटेल मुख्यमंत्री बने। उनके नेतृत्व में भाजपा ने 2022 के चुनावों में 156 सीटों पर ऐतिहासिक जीत हासिल की।

—————————————– राजनीति से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें…
PM मोदी बोले- 21वीं सदी 140 करोड़ हिंदुस्तानियों की होगी:आज दुनिया हमें मैन्युफैक्चरिंग सेंटर के रूप में देख रही, इसका आधार आत्मनिर्भर भारत का विजन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को आंध्र प्रदेश के कुर्नूल में 13,430 करोड़ रुपए के प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन-शिलान्यास किया। इस मौके पर मोदी ने कहा कि 2047 में जब आजादी के 100 साल होंगे तब भारत ‘विकसित भारत’ बन चुका होगा। पूरी खबर पढ़ें…



