नारनौल में 10 लाख की ठगी करने वाला गिरफ्तार: राजस्थान से पकड़ा आरोपी, मोबाइल व सिम बरामद, पार्ट-टाइम जॉब का दिया झांसा – Narnaul News




हरियाणा के नारनौल में जिला साइबर क्राइम पुलिस ने टेलीग्राम और गूगल मैप्स रिव्यू के जरिए पार्ट-टाइम जॉब का झांसा देकर 10 लाख रुपये से अधिक की ठगी करने के मामले में एक आरोपी को राजस्थान से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान भरत सिंह निवासी चैनगढ़, थाना गोठड़ा, जिला झुंझुनूं (राजस्थान) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को 16 मई को गोठड़ा क्षेत्र से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन और एक सिम कार्ड बरामद किया गया है। रोजाना 5 हजार कमाने का दिया लालच पुलिस प्रवक्ता सुमित कुमार के अनुसार महेंद्रगढ़ जिले के गांव डेरोली अहीर निवासी निखिल ने साइबर थाना नारनौल में शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि 4 सितंबर को उसे टेलीग्राम के एक कॉइन मैप ग्रुप में जोड़ा गया। इसके बाद विभिन्न टेलीग्राम आईडी के माध्यम से गूगल मैप पर रेस्टोरेंट रिव्यू देने के बदले 3 से 5 हजार रुपये प्रति प्रमोशन कमाने का लालच दिया गया। कई खातों में कराए पैसे जमा शुरुआत में जालसाजों ने भरोसा जीतने के लिए डेमो टास्क के नाम पर शिकायतकर्ता के खाते में 200 रुपये ट्रांसफर किए। इसके बाद अलग-अलग टास्क पूरे करने, वीक्स नामक वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन कराने, अकाउंट अनफ्रीज करने और रेपुटेशन पॉइंट खरीदने के नाम पर कई बैंक खातों और यूपीआई आईडी में पैसे जमा कराए गए। दस लाख से ज्यादा की ठगी 4 से 11 सितंबर के बीच शिकायतकर्ता और उसके दोस्तों से कुल 10,34,263 रुपये की ठगी कर ली गई। मामले में साइबर थाना नारनौल में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और बैंक खातों की जांच के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। मामले की जांच जारी है।



Source link