विदिशा शहर के जतरापुरा इलाके में आवारा कुत्तों ने सड़क से गुजर रही एक बुजुर्ग महिला पर हमला कर दिया। 3 कुत्तों ने महिला को घेरकर उनके पैर पर काट लिया, जिससे वह घायल हो गईं। प्रत्यक्षदर्शी दिनेश कुमार के अनुसार, महिला पैदल ही रास्ते से जा रही थीं, तभी अचानक 3 कुत्तों ने उन पर हमला कर दिया। कुत्तों के नोचने से महिला जोर-जोर से चिल्लाने लगीं। उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और किसी तरह कुत्तों को भगाकर उन्हें बचाया। घायल महिला को इलाज के लिए तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया है। नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि इलाके में आवारा कुत्तों की संख्या और उनके हमले लगातार बढ़ रहे हैं। कई बार लिखित और मौखिक शिकायत करने के बावजूद नगर पालिका की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। रहवासियों का कहना है कि नगर पालिका केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित है और कुत्तों को पकड़ने के लिए कोई विशेष अभियान नहीं चलाया जा रहा है। कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
इस घटना के बाद से क्षेत्र के लोगों में भारी नाराजगी है। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन और नगर पालिका ने जल्द ही इन आवारा कुत्तों को पकड़ने की कार्रवाई नहीं की, तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। इन लगातार हो रहे हमलों के कारण इलाके में बुजुर्गों और छोटे बच्चों के बाहर निकलने को लेकर परिजन चिंतित हैं।
Source link