सिंगरौली जिले में अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन और खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार सुबह कचनी रोड स्थित ई-चेक गेट पर ऑनलाइन जांच के दौरान तीन वाहनों पर कुल 5.60 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा, बिना वैध पास के गिट्टी ले ज
.
खनिज विभाग की टीम ने जांच के दौरान वाहन क्रमांक MP66H2262, MP53ZG8877 और MP53H0279 में खनिज परिवहन से संबंधित वैध ईटीपी (इलेक्ट्रॉनिक ट्रांजिट पास) नहीं पाया। इन वाहनों पर ऑनलाइन ई-चालान की कार्रवाई करते हुए कुल 5 लाख 60 हजार 600 रुपए का अर्थदंड प्रस्तावित किया गया। संबंधित वाहन मालिकों को ऑनलाइन डिमांड नोटिस भी जारी किए गए हैं।
ट्रैक्टर जब्त कर थाना परिसर में रखवाया
एक अन्य कार्रवाई में, जिला खनिज अधिकारी के नेतृत्व में खनिज निरीक्षक अशोक मिश्रा ने ट्रैक्टर-ट्रॉली क्रमांक MP66A0467 को पकड़ा। यह ट्रैक्टर बिना वैध अभिवहन पास के गिट्टी का परिवहन कर रहा था। टीम ने ट्रैक्टर को तत्काल जब्त कर बरगवां थाना परिसर में सुरक्षित खड़ा कराया है। इस मामले में खनिज नियमों के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
जिला खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल ने बताया कि जिले में अवैध खनिज परिवहन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि ई-चेक गेट के माध्यम से लगातार ऑनलाइन निगरानी की जा रही है।
बिना वैध दस्तावेजों के खनिज परिवहन करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ नियमानुसार जुर्माना और जब्ती की कार्रवाई लगातार की जाएगी।