पूर्व मुख्यमंत्री सलाहकार संयम लोढ़ा ने सिरोही जिला प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री की ओर से प्रेषित जांच के तहत जिला कलेक्टर द्वारा 20 दिन पहले अतिरिक्त जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में गठित पांच सदस्यीय कमेटी की अब तक एक भी बैठक नहीं होना बेहद आश्चर्यजनक है। यह महज लापरवाही नहीं बल्कि किसी के इशारे पर की जा रही शरारतन हरकत भी हो सकती है। जिला प्रशासन को इसका जवाब देना चाहिए। वे सिरोही डाक बंगले में जिला कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग की बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में जिले के कई ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा हुई और भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा गया। मंत्री ओटाराम देवासी को घेरा, बोले- एक माह बाद भी सार्वजनिक नहीं की सूची लोढ़ा ने राज्य मंत्री ओटाराम देवासी को याद दिलाते हुए कहा कि भाजपा स्थापना दिवस पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने स्वयं स्वीकार किया था कि सिरोही में धार्मिक ट्रस्ट की जमीनों पर पूर्व में गलत पट्टे बनाए गए और अवैध होटल निर्माण जैसे मामले हुए हैं। लोढ़ा ने सवाल उठाया कि एक महीना बीतने के बाद भी मंत्री ने उन मामलों की सूची सार्वजनिक क्यों नहीं की? यदि उनके पास तथ्य हैं तो उन्हें सामने लाना चाहिए। अन्यथा यह संदेह पैदा होता है कि कहीं लेनदेन कर मामला दबाने का प्रयास तो नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि मंत्री का बयान सरकार का आधिकारिक बयान माना जाता है, इसलिए जिला प्रशासन को स्वतः संज्ञान लेकर कार्रवाई करनी चाहिए। कबीर के दोहे से दिया सामाजिक समरसता का संदेश संयम लोढ़ा ने संत कबीर की पंक्ति “जात-पात न पूछे कोई, हरि को भजे सो हरि का होई” का उल्लेख करते हुए कहा कि हर इंसान परमात्मा की संतान है, ऐसे में मनुष्य-मनुष्य के बीच भेदभाव का कोई औचित्य नहीं है। उन्होंने कहा कि समाज को प्रेम और समानता के सूत्र में बांधकर आगे बढ़ाना ही सच्ची मानवता है। जातिगत भेदभाव पर प्रशासन को अलर्ट रहने की सलाह लोढ़ा ने कहा कि यदि किसी सामाजिक या धार्मिक कार्यक्रम में जाति के आधार पर भेदभाव किया जाता है तो बीट कांस्टेबल, ग्राम सेवक और पटवारी की जिम्मेदारी है कि वे इसकी सूचना जिला प्रशासन को दें, ताकि असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई हो सके। मनरेगा में मजदूरों की भारी कमी, सरकार पर साधा निशाना उन्होंने कहा कि मई माह में पूरे सिरोही जिले में मनरेगा के तहत नगण्य मजदूर कार्यरत हैं। पहले एक ब्लॉक में जितने मजदूर होते थे, आज उतने पूरे जिले में भी नहीं हैं। लोढ़ा ने आरोप लगाया कि सिर्फ प्रधानमंत्री आवास योजना में मजदूर लगाए गए हैं, जबकि बाकी लोग घर बैठकर सरकार को कोस रहे हैं। तबादलों से स्कूलों की स्थिति बिगड़ी, बच्चों का भविष्य संकट में लोढ़ा ने कहा कि सरकार के अंधाधुंध तबादलों के चलते कई सीनियर सेकेंडरी स्कूल शिक्षकविहीन हो गए हैं, जबकि कई एलिमेंट्री स्कूल एक शिक्षक के भरोसे चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह बेहद चिंता का विषय है और इससे बच्चों का भविष्य अंधकारमय हो सकता है।
स्कूल स्तर तक पहुंचा नशे का जाल लोढ़ा ने कहा कि सिरोही जिले में नशीले पदार्थों की बिक्री अब स्कूल स्तर तक पहुंच चुकी है। माता-पिता परेशान हैं कि उनके बच्चे नशीली गोलियों और अन्य मादक पदार्थों की चपेट में आ रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से इस पर तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की। रेवदर विधायक बोले- भ्रष्टाचार चरम पर बैठक में रेवदर विधायक मोतीराम कोली ने कहा कि सिरोही जिले में भ्रष्टाचार अपनी चरम सीमा पर है, लेकिन कोई सुनवाई करने वाला नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती अशोक गहलोत सरकार की जनहितकारी योजनाओं को वर्तमान सरकार ने केवल नाम बदलकर बंद करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि आने वाले जिला परिषद, नगर पालिका और अन्य चुनावों में जनता भाजपा को जवाब देगी। दलित-वंचित वर्ग की आवाज बुलंद करने का संकल्प प्रदेश कांग्रेस महासचिव हरीश चौधरी ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा दलित, वंचित और शोषित वर्ग की आवाज बुलंद की है। बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा दिए गए संविधान की रक्षा करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि आज सामाजिक न्याय पर हमले हो रहे हैं और SC-ST आरक्षण, छात्रवृत्ति तथा कल्याणकारी योजनाओं को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। हर गांव-ढाणी तक पहुंचेगी कांग्रेस की विचारधारा एससी प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष जयंतीलाल मारू ने कहा कि जिले में आज भी पानी, जमीन, रोजगार और सम्मान के लिए संघर्ष जारी है। जब-जब अन्याय बढ़ा है, कांग्रेस कार्यकर्ता ढाल बनकर खड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा को हर गांव और हर ढाणी तक पहुंचाया जाएगा। एकजुटता से हर चुनौती का मुकाबला संभव प्रदेश कांग्रेस कमेटी सचिव हरीश राठौड़ ने कार्यकर्ताओं के उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि यह जोश बताता है कि बाबा साहब के सपनों का भारत बनाने के लिए कांग्रेस का हर कार्यकर्ता तैयार है। एससी जिला प्रभारी गीता मेघवाल ने कहा कि आने वाला समय चुनौतियों से भरा है, लेकिन कांग्रेस का इतिहास गवाह है कि जब पार्टी एकजुट होती है तो कोई ताकत उसे पराजित नहीं कर सकती।
Source link