झालावाड़ जिले के रटलाई थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां दुकान की रजिस्ट्री को लेकर नाराज पति ने अपनी ही पत्नी को 60 फीट गहरे कुएं में धक्का दे दिया। घटना 26 अप्रैल की है। महिला करीब एक घंटे तक कुएं में फंसी रही, जिसके बाद ग्रामीणों ने रस्सी और खाट की मदद से उसे बाहर निकाला। पुलिस ने आरोपी पति को बुधवार को गिरफ्तार किया है। रजिस्ट्री विवाद बना हमले की वजह पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के अनुसार, आरोपी रायसिंह लोधा अपनी पत्नी कंचन बाई से गांव में बेची गई दुकान की रजिस्ट्री न कराने को लेकर नाराज था। उसने दुकान करीब 10 लाख रुपए में बेच दी थी, लेकिन रजिस्ट्री की प्रक्रिया में पत्नी सहयोग नहीं कर रही थी। इसी बात से गुस्साए आरोपी ने साजिश रची। सिंचाई के बहाने खेत ले गया पीड़िता कंचन बाई (40), निवासी झीतापुरा ने अस्पताल में दिए बयान में बताया कि घटना वाले दिन वह घर पर थीं। उनके पति ने उन्हें प्याज की फसल में सिंचाई करने के बहाने खेत चलने को कहा। मना करने पर भी वह जबरदस्ती बाइक पर बैठाकर उन्हें खेत ले गया। कुएं पर बैठकर बात, फिर अचानक धक्का खेत पहुंचने के बाद आरोपी ने मोटर चलाकर फसल में पानी देना शुरू किया। जब आधी फसल की सिंचाई हो गई, तो दोनों कुएं की पाल पर बैठकर बात करने लगे। इसी दौरान आरोपी ने पत्नी से कुएं में पानी देखने को कहा। जैसे ही कंचन बाई उठीं, रायसिंह ने पीछे से धक्का दे दिया, जिससे वह सीधे कुएं में जा गिरीं। 60 फीट गहरे कुएं में एक घंटे तक फंसी रही महिला कंचन बाई ने बताया कि कुएं की गहराई करीब 60 फीट थी, जिसमें 3-4 फीट पानी भरा था जो उनकी कमर तक आ रहा था। गिरने के बाद वह घबरा गईं और किसी तरह एक पत्थर पकड़कर खड़ी रहीं। करीब एक घंटे बाद उनके भाई बहादुर सिंह और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और रस्सी व खाट की मदद से उन्हें बाहर निकाला। बाहर आते ही वह बेहोश हो गईं। अस्पताल में इलाज, पहले भी करता था प्रताड़ित घटना के बाद परिजन उन्हें तुरंत झालावाड़ के एसआरजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज किया गया। पीड़िता ने अपने बयान में आरोप लगाया कि आरोपी पति पहले से ही उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता आ रहा था। आरोपी गिरफ्तार, पुलिस कर रही जांच रटलाई थानाधिकारी लोकेश मीना ने बताया कि पुलिस ने आरोपी रायसिंह (35) पुत्र उदयलाल लोधा को ग्रामीण इलाके से गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
Source link