धार जिले के सरदारपुर क्षेत्र में भैसोला मार्ग पर बीएसएनएल द्वारा ऑप्टिकल फाइबर केबल (OFC) बिछाने का काम रोक दिया गया है। दैनिक भास्कर डिजिटल ने बिना मानकों के सड़क किनारे की जा रही इस खुदाई के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था। खबर प्रकाशित होने के बाद एमपीआरडीसी (MPRDC) की संभागीय प्रबंधक ने संज्ञान लेते हुए काम रोकने के निर्देश दिए हैं। हालांकि, काम रुकने के बावजूद 4-5 किलोमीटर के दायरे में फैला मलबा राहगीरों के लिए लगातार जानलेवा खतरा बना हुआ है। ठेकेदार ने नहीं हटाया मलबा, हादसे का जोखिम बढ़ा
जमीनी स्तर पर हालात अब भी चिंताजनक बने हुए हैं। राजोद और संदला के बीच टू-लेन सड़क पर ठेकेदार ने खुदाई का मलबा वहीं छोड़ दिया है, जिसे हटाने के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया है। सड़क किनारे पड़े इस मलबे के कारण साइड शोल्डर संकरा हो गया है। इससे खासकर भारी और तेज रफ्तार वाहनों के क्रॉसिंग के दौरान हादसों का जोखिम काफी बढ़ गया है। गुजरात और राजस्थान को जोड़ता है यह अहम मार्ग
भैसोला मार्ग राज्य राजमार्ग की श्रेणी में आता है, जो गुजरात और राजस्थान को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण रास्ता है। इस मार्ग पर दिनभर भारी यातायात का भारी दबाव रहता है। स्थानीय लोगों ने चिंता जताते हुए कहा है कि इस महत्वपूर्ण मार्ग से समय रहते मलबा नहीं हटाया गया, तो बड़े हादसे हो सकते हैं। लोगों ने प्रशासन से ठेकेदार पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। बिना अनुमति हो रही थी खुदाई, होगी कार्रवाई
एमपीआरडीसी विभाग के अधिकारी प्रदीप चौहान ने स्पष्ट किया है कि इस खुदाई के लिए विभाग की ओर से कोई अनुमति जारी नहीं की गई थी। संभागीय प्रबंधक पूनम कछावा ने भी अपने पत्र में कड़े निर्देश दिए हैं कि केबल बिछाने का काम सड़क सुरक्षा मानकों के अनुरूप ही होना चाहिए और सड़क क्षतिग्रस्त नहीं होनी चाहिए। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है और जिम्मेदारों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Source link