21 जोड़े सात फेरों के साथ परिणय सूत्र में बंधे: जाटव-बैरवा समाज का 18वां सामूहिक विवाह सम्मेलन, वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ संपन्न – Karauli News




करौली में जाटव-बैरवा समाज का 18वां सामूहिक विवाह सम्मेलन शिव शक्ति मैरिज गार्डन में हर्षोल्लास के साथ आयोजित हुआ, जहां 21 जोड़े वैदिक मंत्रोच्चार और सात फेरों के साथ विवाह बंधन में बंधे। समाज के लोगों ने नवदंपत्तियों को आशीर्वाद दिया, जबकि भामाशाहों और आयोजन समिति ने उन्हें घरेलू उपयोग का सामान, कपड़े और जेवर भेंट कर नए जीवन की शुरुआत को यादगार बनाया। वैदिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न हुए विवाह सम्मेलन में सभी विवाह वैदिक परंपराओं, हवन-पूजन और मंत्रोच्चार के बीच संपन्न कराए गए। पूरे आयोजन में धार्मिक वातावरण बना रहा और परिवारजनों के साथ समाज के लोगों ने इस पावन अवसर का साक्षी बनकर नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं दीं।
मुख्य अतिथियों की रही मौजूदगी कार्यक्रम में भामाशाह कमलेश शर्मा (अग्निवीरा एमडी) मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि हट्टीराम ठेकेदार ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। विशिष्ट अतिथियों में इंदु देवी, सांसद प्रत्याशी वीरेंद्र शर्मा और जिला प्रमुख प्रतिनिधि रक्षीलाल बैरवा सहित कई जनप्रतिनिधि और समाजसेवी मौजूद रहे। नवदंपत्तियों को दिए गए उपयोगी उपहार प्रवक्ता विष्णु मंडल ने बताया कि नवविवाहित जोड़ों को उपहार स्वरूप बेड, बक्सा, अलमारी, सिलाई मशीन, बर्तन, कुर्सियां, पंखे सहित अन्य घरेलू सामान दिए गए। इसके साथ ही आयोजन समिति की ओर से वर-वधू को कपड़े और जेवर भी भेंट किए गए।

शिक्षा और सामाजिक एकता का दिया संदेश मुख्य अतिथि कमलेश शर्मा ने सामूहिक विवाह सम्मेलन को सामाजिक समरसता और आर्थिक बचत का श्रेष्ठ माध्यम बताया। उन्होंने समाज के लोगों से बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने और अनावश्यक खर्चों से बचने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मानव सेवा और सहयोग से आत्मिक संतोष प्राप्त होता है। अतिथियों का किया सम्मान कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों का माला, साफा और स्मृति चिह्न देकर सम्मान किया गया। सम्मेलन में सर्व समाज के लोगों ने भाग लेकर नवदंपत्तियों को शुभकामनाएं दीं और आयोजन की सराहना की। बड़ी संख्या में समाजजन रहे उपस्थित इस अवसर पर रामगिलास जाटव (महामंत्री), रामविलास बैरवा (कोषाध्यक्ष), विश्वदीप चौधरी, दौलत सिंह, सुरेशचंद कैन, अमृतलाल छावड़ा, दुर्गालाल जाटव, परमोली सरपंच, धर्म सिंह, राजवीर सिंह, करण सिंह, रामस्वरूप जाटव, कमल ठेकेदार, रामकेश ठेकेदार, वीरपाल, प्रकाशचंद जाटव, श्यामलाल जाटव, डॉ. बृजलाल बैरवा, शिवसिंह जाटव, दिनेश जाटव सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।



Source link