मोतिहारी में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में फेनहारा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर एक अवैध शराब भट्ठी का भंडाफोड़ किया और मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार किया। फेनहारा थानाध्यक्ष रजनीश कुमार को सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के मधुबनी गांव निवासी फौजी सहनी के घर में अवैध रूप से शराब का निर्माण किया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने वरीय अधिकारियों को सूचित किया और एक पुलिस टीम के साथ तत्काल छापेमारी की योजना बनाई। अवैध शराब भट्ठी को किया गया ध्वस्त छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके पर चल रही अवैध शराब भट्ठी को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। इस दौरान लगभग पचास लीटर से अधिक तैयार ‘पास’ (कच्चा शराब बनाने का घोल) बरामद हुआ, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। इसके अलावा घर की तलाशी लेने पर पुलिस को छह लीटर नेपाली शराब भी मिली, जिसे जब्त कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी फौजी सहनी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल उससे गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शराब कहां से लाई जाती थी, इसके निर्माण और आपूर्ति में कौन-कौन लोग शामिल हैं, और किन-किन क्षेत्रों में इसकी सप्लाई की जाती थी। अवैध शराब के खिलाफ अभियान जारी थानाध्यक्ष रजनीश कुमार ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि शराब तस्करों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और इस अवैध कारोबार में शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Source link