डीएम के निर्देश के बाद प्रशासन ने स्कूल के लिए मार्ग खाली कराया।
शिवहर नगर परिषद के वार्ड नंबर 3 बिशनपुर मानसिंह स्थित मध्य विद्यालय और उच्च माध्यमिक विद्यालय को नई सड़क मिल गई है। जिला पदाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय के निर्देश पर यह सड़क बनाई गई है।
.
यह मामला वर्ष 2016-17 का है, जब मनरेगा के तहत 1.08 लाख रुपये की लागत से विद्यालय तक सड़क बनाई गई थी। लेकिन जमीन मालिक शंकर सिंह ने इस रास्ते पर रोक लगा दी थी। इसके बाद से छात्र और शिक्षक पगडंडी के रास्ते स्कूल आना-जाना करते थे।
नगर परिषद के सभापति राजन नन्दन सिंह ने चुनाव के दौरान इस समस्या को हल करने का वादा किया था। अब उनके प्रयास से स्कूल के लिए नई सड़क बन गई है। इस सड़क में मिट्टी भराव और ईंट का सोलिंग किया गया है।
सड़क निर्माण के दौरान अंचल अधिकारी अनामिका कुमारी, कार्यपालक पदाधिकारी श्वेता सुमन, शिवहर कोतवाल रणधीर कुमार सिंह, वार्ड पार्षद शमशाद अहमद और वार्ड पार्षद प्रतिनिधि रवि रंजन कुमार मौजूद रहे।
वार्ड पार्षद शमशाद अहमद ने जिला प्रशासन और सभी अधिकारियों का आभार व्यक्त किया है।



