लुधियाना में थाना हैबोवाल इलाके में युवती से छेड़छाड़ और विरोध करने पर परिवार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है।आरोपियों ने युवती को गंदे इशारे भी किए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर 6 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता पिता निवासी गोपाल नगर, हैबोवाल ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनके घर के सामने रहने वाले आरोपी शान सिंह उर्फ बिल्ला, गुलाब सिंह, अतर सिंह, अंश, वंश और जतिन अक्सर उनकी बेटी का पीछा करते थे। आरोपी आते-जाते समय उसे घेर लेते और गंदे इशारे कर छेड़छाड़ करते थे। 21 मार्च को हुआ विवाद शिकायत के अनुसार, 21 मार्च 2026 को जब वह अपनी बेटी के साथ किसी काम से घर से बाहर निकल रहे थे, तभी आरोपी वहां खड़े होकर फिर से अश्लील इशारे करने लगे। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो सभी आरोपियों ने मिलकर शिकायतकर्ता और उसके परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस में शिकायत दी। थाना हैबोवाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 74, 115(2), 126(2), 351(2), 191(3) और 190 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link