जालंधर के नागरा रोड स्थित BSNL एक्सचेंज में शॉर्ट सर्किट के कारण भड़की इस आग से लाखों के उपकरणों के नुकसान की आशंका है, जिसके चलते मकसूदां और विधिपुर समेत कई बड़े इलाकों में इंटरनेट और टेलीफोन सेवाएं पूरी तरह ठप हो गई हैं।
.
जालंधर के नागरा रोड स्थित भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) के मुख्य एक्सचेंज में सोमवार की रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक भीषण आग लग गई। चश्मदीदों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि चंद मिनटों में ही पूरे परिसर को धुएं के गुबार और लपटों ने अपनी चपेट में ले लिया। प्राथमिक जांच में अधिकारियों ने हादसे का मुख्य कारण शॉर्ट सर्किट बताया है।
आग पर फायर बिग्रेड ने पाया काबू।
ये इलाके हुए प्रभावित
इस अग्निकांड में एक्सचेंज के भीतर रखे महंगे तकनीकी उपकरण और मशीनरी जलकर राख हो गई है। विभाग की ओर से लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। आग का सबसे गंभीर असर शहर की कनेक्टिविटी पर पड़ा है। इस हादसे के कारण मकसूदां,लिधड़ा समेत कई क्षेत्रों में इंटरनेट सेवाएं, लीज लाइन और लैंडलाइन टेलीफोन सेवाएं पूरी तरह बंद हो गई हैं।
फायर ब्रिगेड ने आग पर पाया काबू
घटना की गंभीरता को देखते हुए BSNL के उच्च अधिकारी, जिनमें SDO मनीष कुमार, JTO चमकौर और प्रीत मोगल शामिल थे, तुरंत अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी घटना स्थल पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और इसे आगे फैलने से रोका, जिससे बड़ा हादसा टल गया।