करनाल के अंसल सिटी क्षेत्र में हरे-भरे पेड़ों की अवैध कटाई का मामला सामने आया है, जिससे स्थानीय लोगों में भारी रोष है। पेड़ों की कटाई की सूचना मिलने के बाद क्षेत्रवासियों ने विरोध किया और मौके पर पुलिस व वन विभाग को बुलाया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करते हुए पेड़ काटने वाले लोगों को काबू कर लिया। अब पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पहले छटाई बताकर किया गुमराह
अंसल सिटी निवासी आशीष मित्तल ने बताया कि वह पिछले एक सप्ताह से बाहर थे। जब वापस लौटे तो देखा कि कुछ लोग पेड़ों की कटाई कर रहे हैं। पूछने पर उन्होंने कहा कि वे पेड़ों की छटाई कर रहे हैं। शुरुआत में मौसम बदलने के कारण यह बात सही लगी, लेकिन ध्यान से देखने पर पता चला कि पेड़ों की छटाई नहीं बल्कि पूरी तरह से कटाई की जा रही है। विरोध के बाद खुली सच्चाई
आशीष मित्तल के अनुसार, जब अन्य लोगों को इस बारे में जानकारी मिली तो उन्होंने भी इसका विरोध शुरू कर दिया। लोगों ने पेड़ काटने वालों से परमिशन दिखाने को कहा। पहले तो उन्होंने कहा कि उनके पास अनुमति है, लेकिन बाद में पता चला कि जो परमिशन दिखाई जा रही थी, वह 2024 की थी और अब मान्य नहीं थी। 500 से 700 पेड़ों पर चली आरी
स्थानीय लोगों का दावा है कि यह कोई छोटी घटना नहीं है। करीब 500 से 700 पेड़ों को काटा गया है और 100 से ज्यादा ट्रालियां लकड़ी से भरकर यहां से जा चुकी हैं। जब कुछ ट्रालियों को रोकने की कोशिश की गई तो संबंधित लोगों ने कहा कि उन्हें रोकने का किसी को अधिकार नहीं है और वे अंसल के लोगों को 10 हजार रुपए देते हैं। सूचना पर पहुंची टीम, आरोपी काबू
इसके बाद तुरंत वन विभाग और डायल-112 पर सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। टीम ने मौके पर पेड़ काटने में लगे लोगों को पकड़ लिया। वन विभाग ने शुरू की जांच
वन विभाग के कर्मचारी साहिल ने बताया कि अवैध तरीके से पेड़ काटे जाने की शिकायत मिली थी। मौके पर पहुंचकर जांच की गई और जो लोग कटाई में शामिल थे, उन्हें पकड़ लिया गया है। अब पूरे मामले की जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। लोगों ने सख्त कार्रवाई की उठाई मांग
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह केवल पेड़ों की कटाई नहीं, बल्कि पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंचाने वाली घटना है। उन्होंने मांग की है कि इस मामले में शामिल सभी लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों।
Source link
करनाल की अंसल सिटी में अवैध कटाई का मामला: सैकड़ों पेड़ों पर चली आरी,विरोध के बाद मौके पर पहुंची पुलिस व वन विभाग की टीम, आरोपियों को पकड़ा – Karnal News
- Share



