मधुमक्खियों के हमले से मची अफरा-तफरी: पलामू में हमले से बचने के लिए डैम में कूदा युवक, डूबने से हुई मौत – Palamu News




पलामू जिले के हैदरनगर थाना क्षेत्र में ईद के दिन एक दर्दनाक हादसे में 20 वर्षीय युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान गंजपर मोहल्ला निवासी आरिफ के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरिफ ईद की नमाज अदा करने के बाद अपने दोस्तों के साथ मोहम्मदगंज थाना क्षेत्र स्थित काशीसोत डैम घूमने गया था। इसी दौरान डैम के पास अचानक मधुमक्खियों का एक झुंड वहां मौजूद लोगों पर हमला कर बैठा। मधुमक्खियों के हमले से बचने के लिए वहां अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसी भगदड़ और डर के माहौल में आरिफ घबराकर डैम के गहरे पानी में कूद गया, जिससे वह डूब गया। ग्रामीणों ने निकाला बाहर, अस्पताल में मृत घोषित घटना के तुरंत बाद वहां मौजूद ग्रामीणों और साथियों ने युवक को पानी से बाहर निकाला। उसे आनन-फानन में अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस खबर के फैलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और शव को अपने साथ घर ले गए। ईद जैसे खुशी के मौके पर इस तरह की घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते बचाव हो पाता, तो शायद युवक की जान बचाई जा सकती थी। ईद की खुशियां मातम में बदलीं इस दुखद घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है। ईद की खुशियां पल भर में गम में बदल गईं और मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। क्षेत्रीय विधायक और स्थानीय मुखिया ने आपदा प्रबंधन के तहत मुआवजा दिलाने के लिए परिजनों को शव का पोस्टमॉर्टम कराने की सलाह दी। देर रात तक इस संबंध में प्रयास भी किए गए, लेकिन परिजनों ने पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर दिया। जानकारी के अनुसार, युवक का अंतिम संस्कार आज किया जाएगा।



Source link