सीकर के सदर थाना इलाके में जयपुर- बीकानेर हाईवे के पास स्थित त्रिवेणी नगर के शिव बालाजी मंदिर में चोरी का मामला सामने आया है। चोरों ने मंदिर में बाहर की तरफ लगा दानपात्र तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। सुबह जब पुजारी पूजा करने के लिए आए तो उन्हें चोरी का पता चला। स्थानीय लोगों का कहना है कि पास ही पूरी रात शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है। जो आए दिन यहां पर हुड़दंग करते रहते हैं। ऐसे में आशंका है कि उन्होंने ही यह चोरी की हो। फिलहाल पुलिस ने मौका मुआयना करके चोरों की तलाश शुरू कर दी है। मंदिर पुजारी अशोक पाराशर ने बताया कि बीती रात को करीब 8:15 बजे वह मंदिर को बंद करके घर पर चले गए थे। आज सुबह 5 बजे के करीब जब पूजा करने के लिए मंदिर में आए तो देखा कि बाहर लगा दानपात्र टूटा हुआ है। ऐसे में पुलिस को सूचना दी गई। चोरों ने मंदिर के दानपात्र में रखे हजारों रुपए चोरी कर लिए। पुजारी अशोक के अनुसार पहले भी इलाके में कई चोरियां हो चुकी है। स्थानीय निवासी रतन ने बताया कि त्रिवेणी नगर करीब 80 से 90 बीघा में फैला हुआ है। शहर से बाहर की तरफ होने के कारण यह इलाका काफी सुनसान रहता है। कॉलोनी के खाली एरिया में रात के समय बड़ी संख्या में शराबी शराब पीने के लिए आते हैं। जो यहां पर कई बार हुड़दंग करते हैं। ऐसे में लोगों को हमेशा अनहोनी का डर रहता है। पुलिस से मांग है कि यहां पर गश्त बढ़ाई जाए जिससे कि भविष्य में किसी तरह की कोई घटना नहीं हो।
Source link
सीकर के शिव बालाजी मंदिर में चोरी: चोरों ने दानपात्र तोड़ा,लोग बोले- पास में पूरी रात शराबियों का लगा रहता है जमावड़ा – Sikar News
- Share



