अधिवक्ता पर चाकू से 9 वार, गंभीर रूप से घायल:  सिविल कोर्ट से लौटते समय लूटपाट, चेन और पैसे छीने – Gopalganj News

अधिवक्ता पर चाकू से 9 वार, गंभीर रूप से घायल: सिविल कोर्ट से लौटते समय लूटपाट, चेन और पैसे छीने – Gopalganj News




गोपालगंज जिले के हथुआ थाना क्षेत्र में सिविल कोर्ट से घर लौट रहे एक अधिवक्ता पर जानलेवा हमला किया गया। अज्ञात बदमाशों ने उन पर चाकू से नौ वार किए और पिस्तौल के बट से भी हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमलावर अधिवक्ता के गले से चेन और पैसे लूटकर फरार हो गए। यह घटना नया गांव तुलसिया गांव के समीप हुई। घायल अधिवक्ता की पहचान हथुआ थाना क्षेत्र के अटवा दुर्ग गांव निवासी 55 वर्षीय मधुसूदन मिश्रा के रूप में हुई है, जो सिविल कोर्ट में कार्यरत हैं। उन्हें तत्काल इलाज के लिए मॉडल अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। कोर्ट से घर लौटने के दौरान हादसा अधिवक्ता मधुसूदन मिश्रा कोर्ट का काम खत्म कर अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने उन्हें रोक लिया और लूटपाट का प्रयास किया। जब अधिवक्ता ने इसका विरोध किया, तो अपराधियों ने उन पर पिस्तौल के बट से हमला किया और फिर धारदार हथियार से लगातार कई वार कर उन्हें बुरी तरह जख्मी कर दिया। चेन और पैसे लूटकर आरोपी फरार अपराधी उन्हें मरा हुआ समझकर गले की चेन और पास में रखे पैसे लूटकर मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अधिवक्ता को आनन-फानन में गोपालगंज मॉडल अस्पताल पहुंचाया गया। हथुआ थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अपराधियों की पहचान तथा गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों में छापेमारी कर रही है। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। अधिवक्ता संघ और स्थानीय लोगों ने इस वारदात पर चिंता व्यक्त की है।



Source link

विज्ञापन बॉक्स (विज्ञापन देने के लिए संपर्क करें)

Related Post

आज का मौषम
Live Cricket
आज का राशिफल
लाइव शेयर मार्केट