सिरसा। डबवाली में सीआईए स्टाफ ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लहसुन के कट्टों के बीच छिपाकर ले जाए जा रहे 51 किलो 705 ग्राम डोडा चूरा पोस्त बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में पंजाब के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद नशीले पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 7.75 से 8 लाख रुपये बताई जा रही है। उप पुलिस अधीक्षक कालांवाली संदीप धनखड़ ने बताया कि 26 फरवरी 2025 को एएसआई प्रीतम सिंह अपनी टीम—मुख्य सिपाही जोगिंदर पाल, सिपाही विजय कुमार, एसपीओ हरविंद्र सिंह और गृह रक्षी बलवीर सिंह—के साथ गांव सकता खेड़ा के पास भारतमाला पुल के नीचे गश्त कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस टीम को विश्वसनीय गुप्त सूचना मिली कि पंजाब के जिला फरीदकोट के ढिलवां कलां निवासी गुरविंदर सिंह उर्फ इन्दा और कोटकपूरा निवासी लक्की एक पिकअप गाड़ी में डोडा चूरा पोस्त लेकर गांव चौटाला के रास्ते पंजाब की ओर जाने वाले हैं। पुलिस ने की नाकाबंदी, दो आरोपी काबू सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए भारतमाला पुल के पास सर्विस रोड पर नाकाबंदी कर दी। कुछ देर बाद हनुमानगढ़ की ओर से आ रही एक सफेद रंग की पिकअप को पुलिस ने रुकने का संकेत दिया। पुलिस की लाल-नीली बत्ती देखकर चालक ने गाड़ी को वापस मोड़ने की कोशिश की, लेकिन वाहन अचानक बंद हो गया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों व्यक्तियों को काबू कर लिया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम गुरविंदर सिंह उर्फ इन्दा और साथ बैठे युवक ने अपना नाम लक्की बताया। लहसुन के कट्टों में छिपा रखा था नशा वाहन की जांच के दौरान पाया गया कि पिकअप में आगे-पीछे पीले रंग की नंबर प्लेट लगी हुई थी और उसमें 104 कट्टे लहसुन के भरे हुए थे। नशीला पदार्थ होने की आशंका पर एक राजपत्रित अधिकारी को मौके पर बुलाया गया और नियमानुसार तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान लहसुन के कट्टों के बीच छिपाए गए दो कट्टों में कुल 51 किलो 705 ग्राम डोडा चूरा पोस्त बरामद हुआ। वाहन और नशीला पदार्थ जब्त, आरोपियों से पूछताछ जारी पुलिस ने नशीले पदार्थ, पिकअप वाहन और 104 कट्टे लहसुन को कब्जे में ले लिया है। आरोपियों के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा ताकि नशे की इस खेप के स्रोत और नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
Source link
डबवाली में 51 किलो डोडा पोस्त बरामद: लहसुन के कट्टों में छिपाकर ले जा रहे थे; पंजाब के 2 तस्कर गिरफ्तार – dabwali News
- Share



