नागौर जिले में नशा तस्करों के विरुद्ध पुलिस का अभियान अब उनकी काली कमाई से खड़ी की गई संपत्तियों तक पहुंच गया है। जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में तस्करों की अवैध संपत्तियों पर पैनी नजर रखी जा रही है, जिसके परिणाम भी अब सामने आ रहे हैं। इसी कड़ी में पिछले दिनों अठियासन में हुई कार्रवाई के बाद अब खींवसर क्षेत्र के पांचला सिद्धा निवासी हिस्ट्रीशीटर भोपालराम बिश्नोई द्वारा सरकारी भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण को भारी जाब्ते के बीच बुलडोजर चलाकर पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है।
अपराधिक रिकॉर्ड के आधार पर हुई संपत्ति की गहन जांच खींवसर थानाधिकारी रामनारायण भंवरिया के अनुसार आरोपी भोपालराम बिश्नोई थाने का सूचीबद्ध हिस्ट्रीशीटर है जिसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट, हत्या और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर प्रकृति के कुल 14 मामले दर्ज हैं। जांच में यह तथ्य सामने आया कि आरोपी ने मादक पदार्थों की तस्करी के जरिए अवैध रूप से संपत्ति अर्जित की थी। पुलिस अधीक्षक के निर्देशों के बाद जब आरोपी की अचल संपत्ति का रिकॉर्ड खंगाला गया, तो पता चला कि उसका मकान सरकारी जमीन पर बना हुआ है। इसके बाद पुलिस ने राजस्व विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर विधिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई सुनिश्चित की।
राजस्व विभाग और प्रशासन की कानूनी प्रक्रिया के बाद हुई कार्रवाई खींवसर तहसीलदार सुरेश कुमार ने बताया कि फरवरी के प्रथम सप्ताह में पुलिस की ओर से आरोपी की अवैध संपत्तियों की जांच हेतु पत्र प्राप्त हुआ था। इसके आधार पर हल्का पटवारी और आर.आई. की संयुक्त टीम ने पांचला सिद्धा के बिश्नोईयों की ढाणी में जाकर मौका मुआयना और सीमांकन किया। जांच में स्पष्ट हुआ कि भोपालराम ने गैर मुमकिन गौचर भूमि पर अवैध कब्जा कर निर्माण करवा रखा है। इस पर धारा 91 के तहत मामला दर्ज कर कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई और 19 तारीख को बेदखली के आदेश जारी किए गए। सोमवार सुबह प्रशासन और पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी की सहायता से अवैध निर्माण को ढहा दिया।
नागौर एसपी मृदुल कछावा ने बताया कि अवैध गतिविधियों में लिप्त तस्करों और अपराधियों के खिलाफ आर्थिक चोट करने के लिए यह रास्ता अपनाया गया है। अवैध काम धंधों से अर्जित सम्पति पर अब पुलिस की कड़ी नजर है और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाइयां जारी रहेंगी
Source link



