दैनिक भास्कर वार्ड टॉक- पार्षद महेश चौधरी से सीधी बात: बोले-वार्ड के 95% इलाके में नर्मदा का पानी उपलब्ध करा रहे, चौराहे का नाम भी बदलवाया – Indore News




इंदौर के हर वार्ड में क्या सच में विकास हो रहा है और जनता उसे कैसे देखती है? इसी का जवाब तलाशने के लिए दैनिक भास्कर ने खास सीरीज ‘वार्ड टॉक’ शुरू की है। इसमें हम पार्षदों के दावों के साथ जनता की राय, अधूरे काम और आगे की जरूरतों को सामने रखेंगे। आज के एपिसोड में हम वार्ड 1 पहुंचे हैं, जहां से महेश चौधरी पार्षद हैं। यहां कौन-से काम पूरे हुए, कौन-से बाकी हैं? जनता 10 में से कितने नंबर देती है। ‘आज का पार्षद’ में देखिए काम का पूरा हिसाब। सवाल: आपके वार्ड की सबसे बड़ी उपलब्धि कौन-सी है? जवाब: 5 अगस्त 2022 को हमने जनता की सेवा की शपथ ली थी। उस समय वार्ड क्रमांक 1 में कई चुनौतियां थीं। कई समस्याएं ऐसी थीं, जिन्हें देखकर लगता था कि इनका हल हो पाएगा या नहीं और किन परिस्थितियों में होगा। हमने पूरे वार्ड का जमीनी स्तर पर निरीक्षण किया, समस्याओं को समझा और उनके समाधान की योजना बनाई। हमारे वार्ड में सबसे बड़ी समस्या नर्मदा के पानी की थी। आज की तारीख में वार्ड के 90 से 95% क्षेत्र में हम आम जनता को नर्मदा का जल उपलब्ध करा पा रहे हैं। बारिश के दौरान जलजमाव की स्थिति बनती थी। इसके लिए व्यास नगर झुग्गी बस्ती से लेकर खेड़ापति हनुमान मंदिर के आगे पुलिया तक बड़ी स्टॉर्म वाटर लाइन डलवाई, जिससे समस्या का निराकरण हुआ। डायमंड पैलेस से अम्मार नगर को जोड़ने वाले पुल पर बारिश के कारण रास्ता बंद हो जाता था। उस पुल का निर्माण भी हमने करवाया। यहां स्थायी कार्यालय बनवाया है, जहां मैं रोजाना 7-8 घंटे बैठता हूं। फील्ड में रहकर आम जनता से मुलाकात करता हूं, उनकी समस्याएं सुनकर उनका निराकरण करता हूं और फीडबैक भी लेता हूं। अब तक के कार्यकाल में 45 से ज्यादा सड़कें बनवाई जा चुकी हैं। हमारा संजीवनी क्लीनिक शहर के टॉप-3 में शामिल है, जहां रोजाना 150 से ज्यादा ओपीडी होती हैं। चंदन नगर चौराहे का नाम बदलकर शहीद चंद्रशेखर आजाद चौराहा कराया गया है। श्मशान का भी विकास कराया गया है। सवाल: कौन सा काम अधूरा है और क्यों? जवाब: कुछ सड़कों का काम अभी बाकी है। प्राचीन खेड़ापति हनुमान मंदिर से लेकर सिरपुर कांकड़ तक सड़क बनाने का काम चल रहा है। इसी मंदिर से नामदेव मंदिर तक की सड़क का काम 70% पूरा हो चुका है। इसका शेष काम भी जल्द पूरा होगा। एक चुनौती गीता नगर स्थित तंबाकू कारखाने वाली गली में है, जहां सिरपुर तालाब का ओवरफ्लो पानी बारिश के दौरान भर जाता है। वहां भी स्टॉर्म वॉटर लाइन डालने का प्रयास किया गया है। सवाल: जनता की सबसे आम शिकायत क्या आती है? जवाब: जनता की शिकायतों की बात करें तो जो शिकायतें आ रही हैं, उनमें ड्रेनेज चोक होना, स्ट्रीट लाइट बंद होना और किसी की राशन पर्ची बंद होना शामिल है। इसके अलावा कोई बड़ी समस्या सामने नहीं आती है। सवाल: किसी नए प्रयोग से क्या बदलाव हुआ? जवाब: पुस्तकालय बनाने के बाद जनता के बीच एक अच्छा संदेश गया कि पढ़ने के लिए यहां एक पुस्तकालय उपलब्ध है। योग शेड के निर्माण के बाद कई गृहणियां सुबह 6 से 7 बजे योग करने आती हैं। उनके बीच यह सकारात्मक संदेश गया कि योग करने से उनकी कई बीमारियां दूर हुई हैं। सिरपुर बगीचे को भी हम बेहतर तरीके से विकसित कर रहे हैं, जिससे लोगों को अच्छा वातावरण मिलेगा। सवाल: किन इलाकों में काम नहीं हो पाया है? जवाब: वार्ड के ऐसे कुछ इलाके हैं, जहां कुछ काम अभी बाकी हैं। ऐसा कोई इलाका नहीं है, जहां बिल्कुल भी काम नहीं हुआ हो। हमने सभी इलाकों में काम किए हैं। कई इलाकों में अभी भी अलग-अलग काम किए जा रहे हैं। सवाल: आपके यहां पानी की शिकायत आई है क्या? जवाब: जब मैं यहां चुनकर आया था, तब रोजाना मेरे पास पानी की लगभग 200 शिकायतें आती थीं। आज की तारीख में पानी की शिकायतें 10 से 15 रह गई हैं, जिनका भी हम टैंकर के माध्यम से निराकरण करवा देते हैं। कोशिश है कि इस समस्या को भी पूरी तरह दूर कर पाएं। सवाल: अगले 6 महीने का रोडमैप क्या है? जवाब: अगले 6 महीने की बात करें तो हमने कई कार्य चिह्नित कर रखे हैं। जिनके टेंडर खुल चुके हैं या जिनके वर्क ऑर्डर जारी हो चुके हैं, उन कामों को हम प्राथमिकता से पूरा करेंगे, ताकि जनता को उनका लाभ मिल सके। मेरे वार्ड में पहले राशन की केवल एक ही दुकान थी, जहां 3,400 राशनधारक राशन लेने जाते थे। इस पर ध्यान दिया गया और अब यहां तीन राशन की दुकानें संचालित हो रही हैं। पहले राशन लेने में जनता को 4 से 6 घंटे लग जाते थे, जबकि अब 15 से 20 मिनट में राशन लेकर घर जा सकते हैं।



Source link