धौलपुर के नादनपुर थाना क्षेत्र में डिस्कॉम टीम पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। राजस्व वसूली के दौरान हुए इस हमले के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। यह घटना 11 मार्च 2026 को हुई थी, जब डिस्कॉम की टीम नादनपुर थाना क्षेत्र के बडरिया और कहारपुरा गांवों में राजस्व वसूली के लिए गई थी। इसी दौरान कुछ लोगों ने टीम का रास्ता रोककर उन पर पथराव किया और हमला कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना नादनपुर में विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था। जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. कमल कुमार और वृत्ताधिकारी नरेंद्र कुमार मीणा के सुपरविजन में जांच टीम गठित की गई। थानाधिकारी कृष्ण कुमार मीणा के नेतृत्व में गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्य जुटाए और संभावित ठिकानों पर दबिश दी। इसके बाद 18 मार्च 2026 को तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान कहारपुरा निवासी उग्रसेन (53 वर्ष) पुत्र रामचरन, कहारपुरा निवासी नरेश (31 वर्ष) पुत्र रामचरण और बडरिया निवासी ओमवीर (31 वर्ष) पुत्र लाखन सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में शामिल अन्य हमलावरों की पहचान कर ली गई है। उनकी तलाश जारी है और उन्हें भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Source link
डिस्कॉम टीम पर हमले के 3 आरोपी गिरफ्तार: धौलपुर में राजस्व वसूली के दौरान हुआ था हमला, अन्य की तलाश जारी – Dholpur News
- Share



