जैसलमेर में बेटों की गिरफ्तारी के बाद पिता भी नशा बेचते पकड़ा गया है। अब तीनों पुलिस की गिरफ्त में हैं। पिछले साल ही पुलिस ने आरोपी के बेटों को MD सप्लाई करते पकड़ा था। पुलिस ने आरोपी के पास से 50 लाख रुपए की MD ड्रग्स और स्मैक मिले। वहीं नशा बेच कर कमाए 2,70,800 रुपए भी बरामद किए हैं। आरोपी जैसलमेर में खेत में काम करता था, इसी की आड़ में बाड़मेर से ड्रग्स लाकर बेचता था। मामला जैसलमेर के सांगड़ थाना इलाके के कोडा गांव का है। पिछले साल बेटे अब बाप गिरफ्त में जैसलमेर एसपी अभिषेक शिवहरे ने बताया- मामले में सदराम बिश्नोई (42) निवासी विरमाणियों की ढाणी, चेनपुरा (बाड़मेर) को कोडा गांव के एक खेत से पकड़ा है। इससे पहले उसके बड़े बेटे सुरेश बिश्नोई को 9 जून 2025 को जैसलमेर DST प्रभारी भीमराव सिंह ने 92 ग्राम एमडीएमए के साथ कोतवाली इलाके में दबोचा था। वहीं छोटे बेटे कमलेश बिश्नोई को बाड़मेर में पकड़ी गई एमडी फैक्ट्री के मामले में 1 अक्टूबर 2025 को विशेष टीम ने गिरफ्तार किया था। खेत में बनी झोपड़ी से सप्लाई करता था एसपी शिवहरे ने बताया- तस्कर सदराम बाड़मेर का रहने वाला है। 3 साल पहले जैसलमेर के सांगड़ थाना इलाके के कोडा गांव की सरहद के पास एक किसान के खेत में मजदूरी का काम करने आया था। वो 2-3 सालों से खेत संभाल रहा था और साथ में नशे का कारोबार भी करता था। वो बाड़मेर से नशा लाता और खेत में बनी झोपड़ी में पुड़ियां बनाकर सप्लाई करने का काम करता था। पुलिस काफी समय से ऐसे लोगों के रिकार्ड्स खंगाल रही है। ऐसे में, ASP रेवन्तदान और सीओ रूप सिंह ईन्दा के साथ DST प्रभारी भीमराव सिंह ने तकनीकी डेटाबेस के आधार पर सूचना जुटाई। इसके बाद कोडा गांव में खेत की घेराबंदी कर सदाराम को दबोचा। एसपी बोले- अब तक की सबसे बड़ी सीजर कार्रवाई तलाशी के दौरान आरोपी सदराम के कब्जे से 50 लाख की कीमत के 310 ग्राम स्मैक, 140 ग्राम MD, 3.260 किलोग्राम डोडा पोस्त मिले हैं। इनमें स्मैक और MD की कीमत इंटरनेशनल मार्केट में करोड़ों में है। ड्रग्स बेच कर कमाए 2,70,800 रुपए कैश भी बरामद किए हैं। पुलिस NDPS के तहत मामला दर्ज कर नशे के नेटवर्क की पड़ताल कर रही है। बाड़मेर-जैसलमेर से इनपुट की पूछताछ एसपी अभिषेक शिवहरे ने बताया- पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि सदराम यह खेप कहां से लाया था और जैसलमेर में उसके संपर्क सूत्र कौन-कौन हैं। सीमावर्ती इलाकों में स्मैक की इतनी बड़ी खेप मिलने से किसी बड़े सिंडिकेट के जुड़े होने की आशंका है। पुलिस पकड़े गए आरोपी से पूछताछ कर रही है। ताकि ड्रग्स नेटवर्क की पूरी चेन को ध्वस्त किया जा सके।
Source link
2 बेटे जेल में पिता भी ड्रग्स बेचते पकड़ा: झोपड़ी से 50 लाख की स्मैक-MD मिली, पुड़िया बना कर सप्लाई करने वाला था – Jaisalmer News
- Share



