स्पीड ब्रेकर न दिखने से 2 कारें भिड़ी​​​​​​​: हांसी में न सफेद पट्टी और न चेतावनी बोर्ड लगाया; लोग बोले-आए दिन हादसे हो रहे – Hansi News


हांसी में टक्कर के बाद हिसार रोड पर खड़ी क्षतिग्रस्त कार।

हांसी में हिसार रोड पर जैन मंदिर के सामने बने स्पीड ब्रेकर लगातार दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं। इन ब्रेकरों पर न सफेद पट्टियां हैं, न चेतावनी बोर्ड और न ही रिफ्लेक्टर, जिसके चलते वाहन चालक अचानक ब्रेकर से टकराकर हादसे का शिकार हो रहे हैं।

.

शनिवार को भी यहां एक सड़क दुर्घटना हुई। भिवानी निवासी अनिल अपने माता-पिता को दवाई दिलवाने हिसार जा रहे थे। रास्ते में अचानक सामने आए बिना निशान वाले ब्रेकर को देखकर उन्होंने तुरंत ब्रेक लगाए।

इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार उनकी गाड़ी से टकरा गई। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का निरीक्षण किया। गनीमत रही कि दुर्घटना में कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ।

हादसे के बाद मौके खड़े लोग व वाहन।

दोपहिया वाहन चालक अधिक परेशान

स्थानीय लोगों ने बताया कि इस स्थान पर रोजाना दुर्घटनाएं होती हैं, खासकर दोपहिया वाहन चालक अधिक परेशान रहते हैं। दूर से ब्रेकर दिखाई नहीं देने पर चालक या तो नियंत्रण खो देते हैं या पीछे से आ रहे वाहन उन्हें टक्कर मार देते हैं।

बीते दिनों हुई दुर्घटना के बाद बी एंड आर विभाग के एक्सईएन उदयवीर झाझरिया से जब इस संबंध में पूछा गया था, तो उन्होंने बताया था कि ब्रेकर पर बिछाया गया तारकोल गीला होने के कारण सफेद पट्टी नहीं लगाई जा सकी थी। साथ ही जल्द ही पट्टियां लगाने का आश्वासन दिया था। लेकिन कई दिन बीत जाने के बाद भी न तो सफेद पट्टियां लगाई गई हैं और न ही कोई चेतावनी बोर्ड।

लोगों ने मांग की है कि भाई जी होटल से लेकर गीता चौक तक बनाए गए सभी स्पीड ब्रेकरों पर तुरंत सफेद पट्टियां, रिफ्लेक्टर और चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं, ताकि भविष्य में होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके। लोगों का कहना है कि विभाग की लापरवाही कभी भी किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है।



Source link