करनाल जिले के बाम्बरेहड़ी गांव का एक 19 वर्षीय युवक नहर में डूब गया। युवक हवन सामग्री की राख डालने के लिए नहर पर गया था, तभी उसका पैर फिसल गया और वह पानी में बह गया। घटना के बाद परिजनों ने मौके पर पहुंचकर तलाश शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आज सुबह से ही एसडीआरएफ की टीमें नहर में सर्च अभियान चला रही हैं, लेकिन अभी तक युवक का पता नहीं चल पाया है। राख डालते समय हुआ हादसा
गांव बाम्बरेहड़ी निवासी मोक्ष बीती शाम गगसीना के पास नहर पर हवन सामग्री की राख डालने गया था। उसके ताऊ सुरेश ने बताया कि इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह नहर में जा गिरा। हादसे के तुरंत बाद परिजन मौके पर पहुंचे और काफी देर तक तलाश करते रहे, लेकिन युवक का कहीं कोई सुराग नहीं मिला। परिवार पर पहले से ही दुखों का साया
मोक्ष कंबल फैक्ट्री में काम करता था और घर का सहारा था। उसका छोटा भाई 12वीं कक्षा में पढ़ता है और हाल ही में बोर्ड की परीक्षाएं दी हैं। युवक के पिता रमेश अधरंग से पीड़ित हैं, जबकि कई साल पहले उसकी मां की बिजली का करंट लगने से मौत हो चुकी है। गांव के सरपंच अजय ने बताया कि इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। एसडीआरएफ की टीम कर रही सर्च अभियान
सूचना मिलते ही मुनक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। आज सुबह से एसडीआरएफ की टीमों ने नहर में सर्च अभियान शुरू किया हुआ है, लेकिन देर शाम तक भी युवक का कोई सुराग नहीं लग पाया। परिवार के लोग नहर किनारे बैठे हुए हैं और हर आने-जाने वाले से जानकारी ले रहे हैं। विधायक ने पहुंचकर बंधाया ढांढस
घटना की जानकारी मिलने पर असंध के विधायक योगेंद्र राणा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिवार को सांत्वना दी और अधिकारियों को सर्च अभियान तेज करने के निर्देश दिए। पुलिस ने शुरू की जांच
थाना प्रभारी बृजपाल का कहना है कि युवक के ताऊ सुरेश की शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल एसडीआरएफ की टीमें लगातार नहर में युवक की तलाश कर रही हैं।
Source link
करनाल नहर में डूबा 19 वर्षीय मोक्ष: नहर में डालने गया था राख, एसडीआरएफ की टीम ने चलाया सर्च अभियान – Karnal News
- Share



