सिंगरौली जिले के जियावन क्षेत्र में प्रशासन ने अवैध रेत भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार को शासकीय कॉलेज के पास स्थित सरकारी जमीन पर अवैध रूप से जमा की गई करीब 161 घन मीटर रेत जब्त की गई। यह कार्रवाई खनिज, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने की। जांच के दौरान यह रेत लावारिस हालत में पाई गई। नियमों के तहत इसे जब्त कर रेत ठेकेदार को सुपुर्द कर दिया गया। प्रशासन के अनुसार, इस मामले में खनिज नियमों के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है। बाजार दर के अनुसार, जब्त की गई 161 घन मीटर रेत की कुल कीमत लगभग 1.3 लाख से 1.9 लाख रुपये आंकी जा रही है। एक घन मीटर रेत की कीमत 800 से 1200 रुपए के बीच मानी जाती है। रखी जा रही निगरानी खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल ने बताया कि जिले में अवैध खनन और भंडारण के खिलाफ लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि अवैध गतिविधियों पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों के तहत कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इस तरह की संयुक्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि अवैध खनन पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।
Source link