उचाना में गर्ल्स स्कूल को मिलेगी नई बिल्डिंग: विधायक अत्री ने किया शिलान्यास, 2.78 करोड़ होंगे खर्च, सौर ऊर्जा पैनल दिलाने का वादा – Uchana News


घोघड़ियां गांव में नई बिल्डिंग का शिलान्यास करते हुए उचाना विधायक देवेंद्र अत्री।

उचाना के घोघडिया गांव में राजकीय कन्या उच्च विद्यालय की नई दो मंजिला बिल्डिंग का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। इस परियोजना पर 2.78 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। विधायक देवेंद्र चतुर्भुज अत्री ने भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।

.

यह नई बिल्डिंग राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के मैदान में बनाई जा रही है। इसमें 12 कमरे, आधुनिक कंप्यूटर, बायोलॉजी, फिजिक्स और केमिस्ट्री लैब के साथ-साथ एक खेल मैदान भी शामिल होगा। विद्यालय के कमरों के जर्जर होने के कारण अभिभावकों और छात्राओं द्वारा लंबे समय से नई बिल्डिंग की मांग की जा रही थी।

इस अवसर पर विधायक अत्री ने कहा कि सरकार राजकीय विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ रही है। उन्होंने अभिभावकों से बेटियों को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने का आग्रह किया, यह कहते हुए कि आज बेटियां किसी भी क्षेत्र में बेटों से कम नहीं हैं। उन्होंने ग्रामीण अंचल की बेटियों द्वारा शिक्षा और खेल के क्षेत्र में नाम रोशन करने की बात भी कही।

घोघड़ियां गांव में नई बिल्डिंग का शिलान्यास करते हुए उचाना विधायक देवेंद्र अत्री।

आठ नए कमरों की मांग पूरा करने का दिया आश्वासन

विधायक ने बताया कि वे राजकीय स्कूलों का निरंतर निरीक्षण करते हैं, ताकि विद्यार्थियों और स्कूल स्टाफ की मांगों को पूरा किया जा सके। उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में सौर ऊर्जा और वाटर कूलर के लिए इसी बजट सत्र में धनराशि उपलब्ध कराने का वादा किया। साथ ही, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आठ नए कमरों की मांग को भी जल्द पूरा करने का आश्वासन दिया।

इस दौरान बीईओ ओमप्रकाश आर्य ने विधायक का स्वागत किया। कार्यक्रम में प्राचार्य जितेंद्र सिंह, मुख्य अध्यापिका सुनीता, सरपंच प्रतिनिधि दीपक बूरा, दिलबाग आर्य, महेंद्र श्योकंद, कुलबीर नंबरदार, रमेश कुमार, रामकुमार, रूप शर्मा, रामदिया शर्मा और दलबीर सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।



Source link